UP Deputy CM Brajesh Pathak: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर सनातन संस्कृति, आस्था, धार्मिक परंपराओं, दंगों, तुष्टीकरण, लव जिहाद और बेटियों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी है। ब्रजेश पाठक ने लिखा है कि इतिहास इस बात का साक्षी रहा है कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में सनातन संस्कृति, हमारी आस्था और हमारी धार्मिक परंपराओं को अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार दंगों और सांप्रदायिक हिंसा ने हजारों परिवारों की खुशियां छीन लीं। लोगों को अपना घर-बार छोड़कर पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। कितने ही परिवारों ने अपनों को खोया और कितने बुजुर्गों से उनके बुढ़ापे का सहारा छिन गया था।
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (फोटो साभार- @brajeshpathakup)
ब्रजेश पाठक ने लव जिहाद के मुद्दे पर की बात
डिप्टी सीएम ने आगे लिखा कि दुर्भाग्यपूर्ण यह भी रहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय कई बार अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप लगे। उन्होंने लव जिहाद के मुद्दे पर भी बात की। ब्रजेश पाठक ने लिखा कि लव जिहाद के नाम पर सामने आए अनेक मामलों ने समाज को चिंतित किया। भोली-भाली बेटियों को बहला-फुसलाकर उनकी पहचान छिपाने, धोखे से संबंध बनाने और विवाह के बाद उन्हें प्रताड़ित करने तक की घटनाएं सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।
सनातन धर्म की परंपरा का किया जिक्र
ब्रजेश पाठक ने सनातन धर्म की परंपरा का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि हमारा स्पष्ट मानना है कि सनातन धर्म ने सदैव प्रेम, करुणा, सहिष्णुता, सद्भाव और सर्वकल्याण का संदेश दिया है। सनातन की परंपरा किसी से द्वेष करना नहीं, बल्कि सभी के कल्याण की कामना करना सिखाती है। इसके बावजूद हमारी आस्था और सांस्कृतिक पहचान को बार-बार निशाना बनाने के प्रयास हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब देश बदल चुका है। अब भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत, अपने गौरव और अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- BJP-अकाली गठबंधन पर PM मोदी ने अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल को किया याद
डिप्टी सीएम ने की PM मोदी के नेतृत्व की सराहना
ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता राष्ट्र सेवा की विचारधारा के साथ देश और प्रदेश की सेवा में समर्पित है। सनातन संस्कृति, हमारी धार्मिक आस्था, हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा और प्रत्येक नागरिक के सम्मान की रक्षा के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करते रहेंगे। अंत में उन्होंने लिखा कि हमारी राजनीति का उद्देश्य किसी के प्रति द्वेष नहीं, बल्कि न्याय, सुरक्षा, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव की स्थापना है। इसके अलावा सनातन का सम्मान, राष्ट्र का स्वाभिमान और हर नागरिक की सुरक्षा ही हमारा संकल्प है।
