Pooja Pal Cyber Fraud: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल साइबर क्राइम का शिकार हो गई हैं। जालसाजों ने उनके बैंक खाते से अनाधिकृत रूप से 1.55 लाख रुपये उड़ा लिए। इस संबंध में उन्होंने प्रयागराज के धूमनगंज थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
चायल विधायक पूजा पाल साइबर क्राइम का शिकार (फाइल फोटो)
पीटीआई भाषा के मुताबिक थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, पूजा पाल का खाता 'यूनियन बैंक ऑफ इंडिया' में है। 22 अगस्त से 13 सितंबर 2026 के बीच उनके खाते से 'फोनपे' के जरिए धीरे-धीरे करके करीब 1,55,000 रुपये निकाल लिए गए। हैरत की बात यह है कि इस लेन-देन की उन्हें भनक तक नहीं लगी। विधायक ने अंदेशा जताया है कि किसी शातिर साइबर अपराधी ने उनके आईफोन 17 (iPhone 17) को हैक करके इस वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Noida Hit and Run Case: पहले कार से स्टंटबाजी, फिर छात्रों पर चढ़ाई गाड़ी; मालिक-ड्राइवर गिरफ्तार, CCTV ने खोला पूरा राज
पुलिस ने शिकायत के बाद दर्ज की FIR
धूमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि विधायक की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66डी के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस की साइबर टीम अब बैंक डिटेल्स, यूपीआई ट्रांजैक्शन आईडी और कॉल डिटेल्स को खंगालकर आरोपी का पता लगाने में जुटी है।
पूजा पाल पूर्व बसपा विधायक राजू पाल की पत्नी
गौरतलब है कि पूजा पाल पूर्व बसपा विधायक राजू पाल की पत्नी हैं, जिनकी वर्ष 2005 में प्रयागराज में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस चर्चित हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद और उसके गिरोह का नाम सामने आया था। अब विधायक के साथ हुई इस हाई-टेक ऑनलाइन ठगी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
