Moga Firing Case: पंजाब के मोगा जिले में 10 फरवरी को प्रवासी मजदूरों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घलकलां क्षेत्र के पास पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए शूटरों की पहचान आकाशदीप सिंह और जोबनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
मोगा में प्रवासी मजदूरों पर फायरिंग मामले में मुठभेड़ के बाद दो शूटर गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर इलाके में घूम रहे थे। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में जोबनप्रीत सिंह घायल हो गया, जिसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, आकाशदीप सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य शूटर अब भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
कौन था वारदात का मुख्य साजिशकर्ता?
इस मामले में पुलिस ने 13 फरवरी को फिरोजपुर निवासी लखविंदर सिंह और सुखबीर सिंह को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि लखविंदर सिंह इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता था, जबकि लखविंदर सिंह और सुखबीर सिंह ने शूटरों को सहयोग और लॉजिस्टिक मदद उपलब्ध कराई थी। घटना 10 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे जीरा रोड स्थित एक सेलर के बाहर हुई। वहां काम खत्म करने के बाद करीब 8 से 10 प्रवासी मजदूर अपने क्वार्टर की ओर खाना खाने जा रहे थे। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा था ये
इस हमले में दो मजदूर अशोक कुमार और सुबोध गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद गैंगस्टर लाडी भलवान और निरवेर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और बिहार से आए लोग पंजाब में आकर इसे अपने बाप की जागीर समझ रहे हैं और माहौल खराब कर रहे हैं। साथ ही, स्थानीय युवाओं के साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि हाल की घटनाओं के बावजूद उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की आगे की जांच जारी
अजय गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 फरवरी को मोगा के जीरा रोड पर प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी करने वाले दो आरोपियों आकाशदीप सिंह और जोबनप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों संदिग्ध घलकलां क्षेत्र में बाइक पर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में जोबनप्रीत सिंह घायल हो गया, जबकि आकाशदीप सिंह को मौके पर ही दबोच लिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
