Odisha News: ओडिशा के संबलपुर जिले में पुलिस ने फर्जी नौकरी घोटाले का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से करीब दो करोड़ रुपये की ठगी की थी। संबलपुर की बुर्ला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 62 लाख रुपये नकद और दो वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस हिरासत में आरोपी
पैसे वसूलकर देते थे नौकरी का झांसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक फर्जी कंपनी “आरमैक्स प्राइवेट लिमिटेड” के नाम से लोगों को नौकरी का झांसा देते थे। वे उम्मीदवारों से यह कहकर पैसा वसूलते थे कि उन्हें सफाईकर्मी के रूप में सरकारी या निजी संस्थानों में काम मिलेगा और हर महीने 12,000 रुपये वेतन मिलेगा।
फर्जी जॉइनिंग लेटर किया जारी
संबलपुर एसपी मुकेश कुमार भामू ने बताया कि आरोपियों ने शुरू में लोगों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें झाड़ू के साथ तस्वीर खिंचवाकर व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की, जिससे यह दिखाया जा सके कि उन्हें नौकरी मिल गई है। इसके बाद उन्होंने फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किए थे।
रोजगार मेलों का करवाते थे आयोजन
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल और पद्मावती के रूप में हुई है। दोनों गांव-गांव जाकर लोगों को विश्वास में लेते थे और धीरे-धीरे अपना नेटवर्क बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार मेले आयोजित करने लगे। एसपी भामू ने बताया कि आरोपियों ने चार जिलों में करीब 1500 से 2000 लोगों से पैसे वसूले थे। शिकायतें मिलने के बाद बुर्ला पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद राशि को जब्त कर कई पीड़ितों को पैसे वापस लौटाए हैं।
गिरोह के सदस्यों की तलाश जारी
शुरुआती जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं जिनसे यह पता चला है कि आरोपियों ने किन-किन लोगों से रकम ली थी। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और ठगी के शिकार हुए सभी पीड़ितों की पहचान में जुटी है। आरोपियों ने अन्य लोगों के नाम भी बताये हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
