Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार को हुई लगातार गोलीबारी की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सबसे पहले चलती ट्रेन में एक युवक की कनपटी पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके कुछ घंटों बाद ही एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला मरीज को सिर में गोली मार दी गई। बीते दो दिनों में सामने आई तीन गनशॉट की वारदातों से जिले में भय और तनाव का माहौल बन गया है। फिलहाल अस्पताल में महिला पर हमला करने वाले आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
चंदौली में लगातार तीन गोलीकांड से दहशत (प्रतीकात्मक फोटो)
कहां से शुरू हुई वारदात?
घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव स्थित एक प्राइवेट अस्पताल की है, जहां बिहार के कैमूर जिले की निवासी एक महिला उपचार के लिए भर्ती थी। जानकारी के अनुसार महिला पिछले 5 मई से पैर में फ्रैक्चर होने के कारण अस्पताल में इलाज करा रही थी। इसी बीच एक युवक अस्पताल पहुंचा, जिसके पास बंदूक और रिवॉल्वर जैसे हथियार मौजूद थे। अस्पताल के काउंटर पर उसने पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत बताकर खुद को मरीज के रूप में पेश किया।
सिर में गोली मारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही अस्पताल का स्टाफ दवा लेने के लिए काउंटर की तरफ गया, आरोपी मौके का फायदा उठाकर सीधे अस्पताल की पहली मंजिल पर बने वार्ड में पहुंच गया। वहां भर्ती महिला मरीज के पास जाकर उसने बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही महिला ने मौके पर दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और चारों ओर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने पकड़कर की धुनाई
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अस्पताल से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा शुरू कर दिया। भागने के दौरान बदमाश ने पीछा कर रहे लोगों पर फायरिंग भी की, हालांकि किसी को गोली नहीं लगी और ग्रामीण सुरक्षित बच गए। इसी बीच एक युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को घेर लिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बंदूक, पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के बैग से एक बंदूक, पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं वाराणसी जोन के एडीजी पियूष मोर्डिया भी कमलपुर गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने डीडीयू जंक्शन पहुंचकर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ट्रेन में हुआ गोलीकांड
वहीं रविवार देर रात 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस में एक युवक की कनपटी पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। वहीं इससे पहले रविवार को ही डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में भी इसी तरह की वारदात सामने आई थी, जहां एक युवक को बेहद करीब से शूट कर मौत के घाट उतारा गया था। लगातार हुई इन तीनों घटनाओं में हत्या का तरीका लगभग एक जैसा होने के कारण पुलिस अब इनके बीच किसी संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।
पूरे मामले की जांच जारी
वाराणसी जोन के एडीजी पियूष मोर्डिया ने बताया कि अस्पताल में महिला की हत्या के मामले में आरोपी पुलिस हिरासत में है। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। दो दिनों के भीतर हुई इन सनसनीखेज गोलीकांडों ने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इन घटनाओं का खुलासा कब तक करती है और क्या इन तीनों वारदातों के तार आपस में जुड़े हुए हैं।
