Train coach attendant arrested- उत्तर प्रदेश के बलिया रेलवे स्टेशन पर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गरीब नवाज एक्सप्रेस के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए बिहार ले जाने का गंभीर आरोप है। जीआरपी बलिया के थाना प्रभारी राज कपूर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय राहुल कुमार राम के रूप में हुई है। राहुल बिहार के भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के कुमदपुर गांव का रहने वाला है।
शराब तस्करी में रेलवे अटेंडेंट गिरफ्तार (प्रतीकात्मक)
पिट्ठू बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद
मंगलवार को बलिया रेलवे स्टेशन पर चलाए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान उसे संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। उसके पिट्ठू बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुईं। थाना प्रभारी ने बताया कि चेकिंग के दौरान जब पुलिस टीम ने आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसमें से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद की गईं। पुलिस की कड़ी पूछताछ के दौरान राहुल ने स्वीकार किया कि वह ट्रेन नंबर 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस में बतौर कोच अटेंडेंट काम करता है। उसने खुलासा किया कि बिहार में पूरी तरह से शराबबंदी लागू होने के कारण वहां शराब की काफी मांग है और यह काफी ऊंचे दामों पर बिकती है। इसी का फायदा उठाने के लिए वह उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से सस्ती शराब खरीदता था और ट्रेन में अपने पद का लाभ उठाकर इसे बिहार ले जाकर महंगे दामों में बेच देता था।
बलिया से खरीदी शराब, बिहार में बेचने का था प्लान
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बरामद शराब को बलिया से ही खरीदा था। वह इस खेप को बिहार ले जाने के उद्देश्य से ट्रेन में सवार होने का इंतजार कर रहा था, लेकिन ट्रेन पकड़ने से पहले ही जीआरपी ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार राम के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। जीआरपी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस अवैध नेटवर्क में ट्रेन के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।
