पटना : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने अपनी नियुक्ति, लियन और छुट्टी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कई आरोप लगाए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि मनोज झा ने बताया है कि किस तरह अशोक चौधरी ने धोखाधड़ी की है। इस पर राजभवन ने कड़ी आपत्ति जताई है कि एक ही व्यक्ति एक साथ तीन अलग-अलग पदों का लाभ उठा रहा है। इससे साफ पता चलता है कि BJP और NDA सरकार संविधान को कूड़े के ढेर में फेंक रही है। वे किसी कानून को नहीं मानते। इन आरोप पर चौधरी ने सफाई दी है। अशोक चौधरी ने कहा कि उन्होंने छुट्टी के लिए आवेदन किया है लेकिन अभी तक न तो उनकी छुट्टी स्वीकृत हुई है और न ही अस्वीकृत। इस मामले में उन्हें उतनी ही जानकारी है, जितनी मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक हुई है।
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी (फोटो-Twitter)
तेजस्वी यादव ने कहा कि संविधान का पालन नहीं करते। कुछ लोग जो BJP में शामिल होते हैं और सदस्यता लेते हैं, उनकी पुरानी सदस्यता रद्द नहीं की जाती। यह सबने अपनी खुली आंखों से देखा है। और जहां तक अशोक चौधरी की बात है, उनके खिलाफ इतने सारे मामले सामने आए हैं, फिर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मीडिया खबरों के हवाले से मनोज झा ने कहा कि अशोक चौधरी ने डॉ. अशोक कुमार के नाम से चयनित होने के बाद 17 अगस्त को योगदान दिया और अगले ही दिन लियन के लिए आवेदन कर दिया था। उन्होंने प्रोबेशन अवधि के दौरान लियन की अनुमति दिए जाने पर सवाल उठाते हुए विधान परिषद की सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी।
क्या बोले अशोक चौधरी?
मीडिया से अशोक चौधरी ने कहा कि देखिए, जितनी जानकारी आपको है, उतनी ही जानकारी हमको है। हमने छुट्टी अप्लाई किया है, इसके अलावा हमको कोई जानकारी नहीं है। न छुट्टी अभी स्वीकृत हुई है और न ही मेरी छुट्टी अस्वीकृत हुई है। इसके अलावा मुझे कोई जानकारी नहीं है। कौन क्या बोलता है, क्या नहीं बोलता है, उससे हमको कोई मतलब नहीं।
उन्होंने कहा कि बिहार में पहले भी इस तरह के दृष्टांत रहे हैं। पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी जुटाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पहले भी कई लोग इस तरह छुट्टी पर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आवेदन अभी राज्यपाल के पास स्वीकृति के लिए गया हुआ है। अशोक चौधरी ने कहा, "नहीं, अभी वही अप्रूव होने के लिए गया है गवर्नर के पास। न स्वीकृत हुआ है, न अस्वीकृत हुआ है। वही मामला है लेकिन इसके पहले भी बहुत से लोग इस तरह से ऑलरेडी छुट्टी पर हैं।
तेजस्वी ने राज्य सरकार पर उठाए सवाल
दरअसल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि संबंधित मंत्री की विधान परिषद सदस्यता समाप्त कर उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से हटाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने संविधान और नियमों की अवहेलना करते हुए पिछले नौ महीनों से एक ऐसे व्यक्ति को मंत्री बना रखा है, जिसकी एक साथ मंत्री, सहायक प्राध्यापक और विधान पार्षद के पद पर बने रहने की वैधानिकता पर सवाल उठ रहे हैं।
तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि लोक भवन ने एक व्यक्ति के तीन पदों पर बने रहने को लेकर आपत्ति जताई है। गौरतलब है कि बुधवार को राजद सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने पटना में प्रेस वार्ता कर अशोक चौधरी की एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्ति और लियन लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
