Thane Housing Scam: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से ठगी का एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने फर्जी हाउसिंग स्कीम का झांसा देकर 11 लोगों को ठग लिया। ठगों ने इन लोगों को सरकारी स्कीम के तहत सस्ते मकान का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। साथ ही उनके डॉक्यूमेंट्स का गलत इस्तेमाल कर बड़े वित्तीय लेन-देन भी किए। यह घटना लोगों के भरोसे और सरकारी योजनाओं के नाम पर हो रही धोखाधड़ी को उजागर करती है। पुलिस ने इस मामल में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांकेतिक फोटो
सस्ते घर का सपना बना ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को सरकारी योजना से जुड़ा बताकर पीड़ितों को महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) के तहत कम कीमत पर फ्लैट दिलाने का वादा कर उनका भरोसा जीता। इस मामले में उल्हासनगर की 54 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसके अनुसार आरोपियों ने उसका भरोसा जीतकर पैसे ऐंठ लिए और अन्य लोगों को भी इसी तरह शिकार बनाया।
दो सालों में आरोपियों ने ठगे 55 हजार रुपये
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारी ने बताया कि पिछले दो सालों में आरोपियों ने कथित तौर पर 11 पीड़ितों में से प्रत्येक से 5,000 रुपये लिए, जिससे कुल 55,000 रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने पीड़ितों के पर्सनल डॉक्यूमेंट्स का दुरुपयोग करते हुए उनके नाम पर सिम कार्ड, ईमेल आईडी और बैंक अकाउंट तक खोल लिए। इन बैंक खातों का इस्तेमाल बड़े वित्तीय लेन-देन के लिए किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने फर्जी डॉक्यूमेंट्स और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर विभिन्न कंपनियों व बिल्डरों के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए। इस तरह उन्होंने न केवल लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया, बल्कि उनके भरोसे को भी तोड़ा।
तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
पुलिस ने शनिवार को मिली शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने और भी लोगों को अपना शिकार बनाया हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी योजना में निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी अनजान व्यक्ति पर आसानी से भरोसा न करें।
