Tamil Nadu Factory Blast: तमिलनाडु के थूथुकडी जिले में शनिवार को एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। जिसमें एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई और 26 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा एट्टायापुरम के पास स्थित बालाजी फायर वर्क्स फैक्ट्री में उस समय हुआ, जब कर्मचारी पटाखा निर्माण का काम कर रहे थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीन घायलों की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान नथाथुपत्ती निवासी मरियम्मल के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में काम करती थीं। हादसे के बाद घायल हुए सभी 26 कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का सत्तूर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फैक्ट्री के कई कमरे धमाके में हुए पूरी तरह तबाह
जानकारी के अनुसार, विस्फोट के कारण फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है। दो कमरे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण गिरने की स्थिति में पहुंच गए हैं। वहीं तीन कमरे पूरी तरह से तबाह हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोविलपट्टी और विलाथिकुलम से दमकल और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत ये भी पढ़ें - तेज प्रताप के 'मर्डर प्लॉट' वाले आरोप पर भड़के आकाश यादव, बोले- प्रमाण दिखाएं; अब महिला आयोग और कोर्ट जाने की तैयारी
विस्फोट के कारणों की जांच जारी
अधिकारियों ने मलबे में भी तलाशी अभियान शुरू किया हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्षतिग्रस्त ढांचे के अंदर कोई मजदूर फंसा तो नहीं है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सकता है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
