Assembly Election Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। पार्टी ने राज्य की 294 में से 206 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 1 सीट का परिणाम अभी घोषित नहीं किया गया है और एक सीट पर दोबारा मतदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनकी मजबूत पकड़ वाली भवानीपुर सीट से हराने वाले सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) इस जीत से गदगद हैं। उन्होंने नंदीग्राम से भी चुनाव जीता है और पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट पर भी ममता बनर्जी को हराया था। मुख्यमंत्री पद के लिए भी सुवेंदु अधिकारी का नाम लिया जा रहा है। अपनी जीत के बाद उन्होंने अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बात की। चलिए जानते हैं -
क्या सुवेंदु अधिकारी को मिलेगी पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री की कुर्सी
क्या सुवेंदु बनेंगे मुख्यमंत्री?
सुवेंदु अधिकारी की पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत में अहम भूमिका है। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे हैं तो इस लिहाज से मुख्यमंत्री पद के लिए उनका दावा मजबूत भी होता है। इसके अलावा वह कभी ममता बनर्जी के काफी करीबी होते थे। 2021 के चुनाव में नंदीग्राम और 2026 विधानसभा चुनाव में उन्हें भवानीपुर से हराकर वह बड़े दावेदार बन गए हैं। ममता बनर्जी के खिलाफ वह भाजपा के सबसे मुखर नेताओं में से रहे हैं। ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल में उनकी सरकार व प्रशासन के खिलाफ सबसे मजबूती से खड़े रहने वाले सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे नहीं तो प्रबल दावेदार तो जरूर हैं। अब देखना होगा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उनको लेकर क्या फैसला करता है। सुवेंदु अधिकारी ने दीदी को उनके स्ट्रॉन्ग होल्ड मानी जाने वाली भवानीपुर सीट पर 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराकर अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
सुवेंदु बोले - मुझे हिंदू मतदाताओं ने जीत दिलाई
पश्चिम बंगाल में भाजपा और दोनों सीटों पर अपनी जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से बात की। अपनी जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद उन्होंने बड़ा बयान दिया। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि नंदीग्राम के हिंदू मतदाताओं ने उन्हें जीत दिलाई है। जबकि मुस्लिम वोट पूरी तरह से TMC के पक्ष में गए हैं।
किसके लिए काम करेंगे सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम की जीत पर कहा, 'इस बार मैंने लगभग 10 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। नंदीग्राम के हिंदू लोगों ने मुझे फिर से जीत दिलाई है। वहां का पूरा मुस्लिम वोट TMC को गया। मैं नंदीग्राम के हिंदुओं के लिए काम करूंगा।' बता दें कि सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर TMC उम्मीदवार पबित्र कर को 9665 वोटों के अंतर से हराया है।
खत्म हो जाएगी TMC
सुवेंदु अधिकारी ने TMC पर तीखा हमला और भविष्यवाणी करते हुए कहा कि यह पार्टी जल्द ही खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा, '24 घंटे के भीतर यह पार्टी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। यह भ्रष्ट और परिवारवादी पार्टी है, इसकी कोई विचारधारा नहीं है।'
वादे पूरे करेगी भाजपा
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा चुनाव से पहले किए गए अपने वादे पूरे करेगी। उन्होंने कहा, 'गृह मंत्री अमित शाह ने जो घोषणाएं अपने घोषणापत्र में की थीं और पीएम मोदी ने बार-बार जो गारंटी दी है, हम उसे पूरा करेंगे।'
