Delhi NCR Weather: मंगलवार को दिल्ली समेत NCR के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को हैरान कर दिया। द्वारका में ओले इस तरह गिरे मानो आसमान से सफेद गोलियां बरस रही हों। कुछ ऐसे ही हालात नजफगढ़ और एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में भी देखने को मिले। मंगलवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, बाहरी उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली तथा दक्षिण और दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए अगले कुछ घंटों तक अलर्ट बना रहेगा।
नजफगढ़ में हुई भारी ओलावृष्टि
दिल्ली में आज शाम और रात का मौसम
दिल्ली में 5 मई की शाम और रात के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में हवा के झोंके और भी तेज़ हो सकते हैं, जिससे अचानक मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका बनी हुई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
एनसीआर के इलाको में मौसम कैसा रहेगा?
नोएडा समेत NCR के बाकी इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। बता दें कि, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम में आज 5 मई और कल 6 मई को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवा की गति झोंकों के साथ और तेज हो सकती है। 5 मई को खास तौर पर तेज आंधी की स्थिति बन सकती है, जिसमें हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों में 70 किमी/घंटा तक भी जा सकती है। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
9, 10 और 11 मई को ऐसा रहेगा मौसम
IMD का कहना है कि इसके बाद 10 और 11 मई को एक बार फिर मौसम सक्रिय हो सकता है। इस दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने के आसार हैं। तापमान की बात करें तो 9 मई तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि बीच-बीच में बारिश और हवाओं की वजह से गर्मी से कुछ राहत भी मिल सकती है।
