Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार को भूस्खलन के कारण एक मंदिर में भगदड़ मच गई। मंदिर में भगदड़ मचने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।
ऊना में भगदड़।
मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंचे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, ऊना से करीब 40 किमी दूर अंब उपमंडल के मैरी गांव में स्थित डेरा बाबा वडभाग सिंह में बड़ी संख्या में लोग ‘बुरी आत्माओं’ से ग्रस्त लोगों के इलाज कराने आते हैं।
नदी में स्नान के वक्त गिरे पत्थर
पुलिस ने बताया कि बाबा वडभाग सिंह मेले में हिस्सा लेने आए श्रद्धालु सुबह करीब पांच बजे चरण गंगा के पवित्र झरने में स्नान कर रहे थे, तभी भूस्खलन के बाद पहाड़ से चार-पांच बड़े पत्थर फिसलकर नीचे आ गिरे। चरण गंगा में स्नान करना पवित्र माना जाता है और सोमवार को पूर्णिमा होने के कारण गंगा के किनारे काफी भीड़ थी।
भूस्खलन के बाद मची भगदड़
पुलिस ने बताया कि पहाड़ से पत्थर गिरते देख लोग इधर-उधर भागने लगे और भगदड़ मच गई, जिससे नौ श्रद्धालु घायल हो गए। इसके बाद सभी घायलों को अंब के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में दो लोगों की मौत
बता दें कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान बिल्ला एवं बलवीर चांद के तौर पर की गई हैं और वे दोनों पंजाब के फरीदकोट के रहने वाले थे। इधर, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सभी घायल चंडीगढ़ के पीजीआई समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं ।
