प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में 22 दिनों के भीतर दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों पर धमकी देने और दोनों भाइयों की हत्या की साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विधायक हाकिम लाल बिंद
पुलिस के अनुसार, गंगा नगर जोन के हंडिया थाना क्षेत्र स्थित बनपुरवा गांव में पहले छोटे भाई का शव 11 जून को पेड़ से लटका मिला था। इसके बाद 3 जुलाई को बड़े भाई सुशील का शव भी फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। दोनों घटनाओं के बीच महज 22 दिनों का अंतर है, जिससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है।
धमकियों के बाद सुसाइड
गंगा नगर के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मृतकों के भाई सुनील उर्फ दारा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके बड़े भाई संतोष ने 11 जून को पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी, लेकिन इसके पीछे पांच लोगों द्वारा लगातार दी जा रही धमकियां और साजिश जिम्मेदार थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन्हीं लोगों ने दोनों भाइयों की हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुक्रवार को हंडिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत सपा विधायक हाकिम लाल बिंद सहित पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।डीसीपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
