Monsoon Tracker: पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और उत्तर-पश्चिमी भारत के साथ ही सेंट्रल इंडिया में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप कुछ कम हुआ है। लगातार बारिश और आंधी-तूफान के कारण तापमान में अच्छी-खासी गिरावट आई है। लेकिन, उमस से पीछा नहीं छूट रहा। इसीलिए मानसून (Monsoon 2026) का सभी को बेसब्री से इंतजार है। आपके लिए खुशखबरी ये है कि मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा ली है और जल्द ही आपके गांव-शहर में भी झमाझम मानसूनी बारिश होगी।
मानसूनी बारिश से सराबोर होंगे यूपी-बिहार
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कल यानी गुरुवार 11 जून 2026 को मानसून ने कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई नए इलाकों के साथ-साथ तमिलनाडु और पुडुचेरी के शेष हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य एवं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल के साथ ही बिहार के कुछ इलाकों में भी आगे बढ़त दर्ज की है।
क्या बिहार में पहुंच चुका है मानसून?
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा (Northern Limit of Monsoon) वर्तमान में अरब सागर से होते हुए महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुकी है। इससे इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों के दौरान अच्छी बारिश की संभावना बढ़ गई है।
अगले कुछ दिनों में तेजी से आगे बढ़ेगा मानसून
IMD ने बताया कि मौसमीय परिस्थितियां मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शेष क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।
IMD के अनुसार 11 जून को मानसून की स्थिति
उत्तर प्रदेश में कब होगी मानसूनी बारिश?
इसके अलावा पश्चिम बंगाल और बिहार के अधिक हिस्सों में भी मानसून सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों (2-3 दिन) में मानसून छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी दस्तक दे सकता है।
किसानों के लिए राहत लेकर आ रहा मानसून
जानकारों के मुताबिक, मानसून की यह प्रगति कृषि क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को इससे राहत मिलेगी। वहीं, कई राज्यों में तापमान में गिरावट और भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।
तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने तटीय और पूर्वी भारत के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है। स्थानीय प्रशासन को जलभराव और तेज बारिश से संबंधित संभावित चुनौतियों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
देशभर के किसान, आम नागरिक और मौसम वैज्ञानिक मानसून की आगे की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। अगर वर्तमान हालात अनुकूल बने रहे, तो 15 जून के बाद मानसून उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्सों को भी कवर कर सकता है।
