Agra News: अमेरिका के मैरीलैंड में अपनी रूममेट की हत्या के आरोप में वांछित एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को आगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने हैदराबाद निवासी अपनी रूममेट और दोस्त निकिता गोड़ीशाला की चाकू से हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह अमेरिका से भारत भाग आया और आगरा में छिपकर रह रहा था।
आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू
हत्या के दिन ही आरोपी पहुंचा भारत
जानकारी के मुताबिक हत्या के दिन ही अर्जुन भारत पहुंच गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वारदात को छिपाने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए उसने अमेरिका में निकिता के लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर अमेरिकी पुलिस को उस पर शक हुआ और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया।
इंटरपोल की मदद भी ली गई
बताया जा रहा है कि इसके बाद उसकी तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरू की गई और इंटरपोल की सहायता ली गई। आरोपी के भारत में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस की एक टीम पिछले कई दिनों से आगरा में उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस को उसके ठिकाने का पता चला और थाना एकता क्षेत्र स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में छापेमारी कर उसे पकड़ लिया गया।
निकिता के बैंक अकाउंट से 3,500 अमेरिकी डॉलर निकाले
जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि निकिता की हत्या के बाद अर्जुन ने उसके बैंक खाते से करीब 3,500 अमेरिकी डॉलर निकाले थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और अमेरिका की संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। आगे की कार्रवाई भारतीय और अमेरिकी जांच एजेंसियों के बीच समन्वय के आधार पर होगी।
