Sirmaur Road Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। हादसा संगड़ाह क्षेत्र में गतलोग के पास हुआ, जहां एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, 11 अगस्त को अरलू गांव निवासी जगदीश शर्मा की दिल का दौरा पड़ने से संगड़ाह अस्पताल में मौत हो गई थी। उनके शव को गांव ले जाने के लिए एक बोलेरो कैंपर किराये पर ली गई थी। परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ ग्रामीण भी वाहन में सवार हो गए। चिनाड़ के पास कुछ अन्य ग्रामीणों के वाहन में बैठने की बात भी सामने आई है।
हिमाचल के सिरमौर में भीषण सड़क हादसा
चार लोगों की हुई मौके पर मौत
रात करीब 12:45 बजे कैंपर गतलोग के पास पहुंची। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और चालक उस पर काबू नहीं रख सका। कुछ ही पल में वाहन सड़क से नीचे लुढ़कते हुए लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र (37), देस राज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) के तौर पर हुई है। वहीं बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और चालक कपिल देव हादसे में घायल हुए हैं।
दुर्घटना की जांच शुरू
पुलिस के अनुसार कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया। इनमें एक गंभीर घायल को नाहन से बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। वाहन चालक की लापरवाही, क्षमता से अधिक सवारियां या कोई अन्य कारण दुर्घटना के पीछे था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी संगड़ाह में कराया जा रहा है।
