Sikkim Landslide News: सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्यालशिंग जिले के अंतर्गत आने वाले रिंबी इलाके (युक्सोम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र) में देर रात हुए भीषण भूस्खलन से भारी तबाही हुई है। पहाड़ी से मलबा और चट्टानें गिरने के कारण कई मकान बह गए, जबकि कई अन्य इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रही तेज बारिश से इलाके में स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। राहत की बात यह है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड (चित्र साभार: District Administration Via ANI)
प्रशासन हाई अलर्ट पर, स्थिति की सतत निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही ग्यालशिंग जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन बल तुरंत हरकत में आ गए हैं। संवेदनशील इलाकों से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रशासन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा है और प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने, संवेदनशील ढलानों से दूर रहने और आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने जताई चिंता
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग 'गोले' ने रिंबी में हुए भूस्खलन की घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। सोशल मीडिया के माध्यम से जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रिंबी की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और इस प्राकृतिक संकट के बीच नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और राहत एजेंसियों को मौके पर मुस्तैद रहने तथा प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
"मुश्किल घड़ी में प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार"
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में रिंबी और आसपास के निवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे लगातार जारी भारी बारिश के दौरान सतर्क रहें, एक-दूसरे का सहयोग करें और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। सरकार लगातार हालात का जायजा ले रही है और राहत व पुनर्वास के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
