Ahmedabad News: गुजरात में बम धमाके की धमकी भरे ईमेल मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत में बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं को निशाना बनाकर धमकी दी गई है। ईमेल मिलने के बाद संबंधित बैंकों में ग्राहकों की आवाजाही रोक दी गई और पुलिस, बम निरोधक दस्ते तथा डॉग स्क्वॉड ने जांच शुरू कर दी।
गुजरात में बैंको को मिली बम से उड़ाने की धमकी (फोटो साभार- TNN)
वडोदरा में रावपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया और सयाजीगंज के सूरज प्लाजा में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा को धमकी मिली। वहीं, सूरत में घोड़दौड़ रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके अलावा अहमदाबाद की कई बैंक ऑफ इंडिया शाखाओं को भेजे गए एक अलग ईमेल में बैंकों, मोटेरा स्टेडियम और मेट्रो स्टेशनों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
वडोदरा की दो बैंकों को धमकी
वडोदरा में रावपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया और सयाजीगंज इलाके के सूरज प्लाजा में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा को धमकी भरे ईमेल मिले।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी दोनों बैंकों में पहुंचे। एहतियात के तौर पर बैंक परिसरों में ग्राहकों की आवाजाही रोक दी गई। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और डॉग स्क्वॉड ने दोनों बैंकों में तलाशी शुरू की। बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक एस.के. त्यागी के मुताबिक, बैंक की आधिकारिक Gmail आईडी पर अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा ईमेल भेजा था। इसमें बैंक परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद तत्काल सयाजीगंज पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूरत में बैंक कर्मचारियों को बाहर निकाला
सूरत के व्यस्त घोड़दौड़ रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर बैंक के सभी कर्मचारियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने बैंक परिसर के कोने-कोने की जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक परिसर को घेरकर ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर क्राइम की मदद से जांच शुरू की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिवाली की रात अहमदाबाद की साइंस सिटी में हुआ खूनी संघर्ष
अहमदाबाद की तीन बैंक शाखाओं को भी भेजा गया ईमेल
अहमदाबाद में 9 नवंबर को बैंक ऑफ इंडिया की तीन शाखाओं को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया। इनमें अहमदाबाद मुख्य शाखा, नवरंगपुरा और वटवा इंडस्ट्रियल एस्टेट SSI शाखा शामिल हैं। ईमेल में दोपहर 1:11 बजे अहमदाबाद के बैंकों में बम धमाके करने की धमकी दी गई। इसके अलावा मोटेरा स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम और मेट्रो स्टेशनों को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई। ईमेल में 21 नवंबर को लेकर भी धमकी दी गई है। संदेश में खालिस्तान समर्थक नारे और कुछ व्यक्तियों तथा स्थानों के नामों का भी उल्लेख किया गया है। धमकी भरे ईमेल की सामग्री की जांच की जा रही है। अहमदाबाद में किसी विस्फोटक उपकरण की मौजूदगी या किसी घटना की पुष्टि फिलहाल उपलब्ध जानकारी में नहीं हुई है।
CM ऑफिस को भी मिली थी धमकी
गुजरात में इससे पहले 6 नवंबर को गुजरात हाईकोर्ट और मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई थी। इससे पहले राज्य में स्कूलों, अदालतों और जेलों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तीनों शहरों में मिले धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही हैं। ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके डिजिटल लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक परिसरों में तलाशी एहतियात के तौर पर की जा रही है। धमकी मिलने का मतलब यह नहीं है कि वहां विस्फोटक रखा गया है।
