Attack on CM Rekha Gupta- केंद्र सरकार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद उन्हें जेड श्रेणी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की है। रेखा गुप्ता और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा विशिष्ट व्यक्तियों को दी जाने वाली अर्द्धसैनिक बल के वीआईपी सुरक्षा समूह (VSG) द्वारा की जाएगी, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस पार्टी के गांधी परिवार को भी सुरक्षा प्रदान करता है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा बढ़ाई गई
उन्होंने बताया कि 22 से 25 सशस्त्र कमांडो की एक टीम 24 घंटे मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहेगी। रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस इलाके में उनके कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। उनके कार्यालय ने इस हमले को उनकी हत्या की एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया है।
5 दिन की रिमांड पर आरोपी
बता दें कि दिल्ली में बुधवार को जन सुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने के आरोपी राजेश खिमजीभाई सकारिया को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने आज यह जानकारी दी। गुजरात के राजकोट के रहने वाले राजेश खिमजी ने कल जन सुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया था। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया था। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे तीस हजारी जिला अदालत में पेश किया गया था।
हत्या की कोशिश का मामला दर्ज
राजेश खिमजीभाई सकारिया के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी राजेश खिमजी भाई के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1) के तहत हत्या की कोशिश के अलावा भी दो अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132 भी लगाई गई है, जो सरकारी कर्मचारी पर हमला करने वाले के खिलाफ लगाई जाती है। यही नहीं बीएनएस की धारा 221 यानी सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने का मामला भी दर्ज किया गया है।
हमला एक सुनियोजित साजिश के तहत- कपिल मिश्रा
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने आज आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला एक सुनियोजित साजिश के तहत सुनियोजित तरीके से किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि आरोपी एक पेशेवर अपराधी है जिसका गंभीर अपराधों का इतिहास रहा है। उन्होंने बुधवार सुबह सीएम रेखा गुप्ता से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री को गंभीर शारीरिक चोटें आई हैं और उन्हें आराम की जरूरत है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह बुधवार से अपने आवास पर फाइलें देख रही हैं।
कपिल मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, वह सक्रिय रूप से काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें आराम की जरूरत है। उनकी शारीरिक चोटें गंभीर हैं और वह सदमे की स्थिति में हैं। मंत्री ने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और तस्करी सहित नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था। आरोपी ने उनके आवास की रेकी की थी और उसके फोन से मिले दो वीडियो इस बात को साबित करते हैं। मुख्यमंत्री पर बुधवार को उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर 'जन सुनवाई' कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ था।
