बिहार में आज नए युग की शुरुआत हो गई है। आज भाजपा को बिहार में अपना पहला मुख्यमंत्री मिल गया है। सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। इसी के साथ Nitish Kumar बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री हो गए। सम्राट चौधरी को कल ही नीतीश कुमार के CM पद से इस्तीफे के बाद पहले भाजपा और फिर NDA विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद वह राजभवन गए और राज्यपाल को विधायकों के समर्थन की चिट्ठी देकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट की तस्वीर ऐसी होगी
Samrat Choudhary के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही बिहार में एक नए युग की शुरुआत हो गई। वह बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। उनके शपथग्रहण के बाद जेडीयू के दो नेताओं विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। यह दोनों JDU नेता बिहार के उप मुख्यमंत्री होंगे। बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार उसी फॉर्मूले पर बनी है, जिस पर पूर्व में नीतीश कुमार की सरकार बनी थी। उस समय JDU के मुख्यमंत्री और BJP के दो उप मुख्यमंत्री थे और अब BJP के मुख्यमंत्री और JDU के दो उप मुख्यमंत्री होंगे।
ये भी पढ़ें - Bihar Cm List: श्री बाबू से सम्राट चौधरी तक, ये है बिहार के मुख्यमंत्रियों की पूरी लिस्ट
सम्राट चौधरी के साथ इन दो मंत्रियों ने ली शपथ
- विजय चौधरी - उप मुख्यमंत्री (जेडीयू)
- विजेंद्र यादव - उप मुख्यमंत्री (जेडीयू)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा सिर्फ दो मंत्रियों ने आज शपथ ली। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही उनके मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और मंत्रिमंडल में कई अन्य मंत्री भी शामिल होंगे।
शपथग्रहण के बाद क्या बोले विजय कुमार चौधरी
JDU नेता विजय कुमार चौधरी ने आज बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ही। इस अवसर पर उन्होंने कहा, मैंने जो आज शपथ ली है, इसके लिए मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। ये उन्हीं के विश्वास का नतीजा है कि मुझे ये जिम्मेदारी मिली है... जो उनके रास्ते हैं, उनकी नीतियां हैं, उनके तरीके हैं, उनके कार्यक्रम हैं, उनकी कार्यशैली है उसी पर चलने का काम हम करेंगे।'
विजय कुमार चौधरी ने आगे कहा, 'अब तक नीतीश कुमार का जो मॉडल था उसमें भाजपा भी थी। अभी तुलना वाली कोई बात नहीं है। बिहार के मॉडल में नीतीश कुमार भी हैं, भाजपा भी है और अन्य तीन दल भी हैं... नीतीश कुमार कोई दूसरा नहीं हो सकता। नीतीश कुमार की जो सोच है, उनके काम करने का तरीका अद्भुत है। हमने उनके साथ बहुत कुछ सीखा है और उसी आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं। यही बात हमारे नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कही है कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो रास्ता, जो नीतियां व कार्यक्रम बनाए हैं, हम उसी को आगे बढ़ाएंगे। इसलिए न कहीं कोई कंफ्यूजन है और न समझदारी का अभाव है।'
इससे पहले कल यानी मंगलवार 14 अप्रैल को जब सम्राट चौधरी को NDA विधायक दल का नेता चुना गया तो इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यभ नितिन नवीन ने उन्हें बधाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने एक पोस्ट में कहा, 'मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके सक्षम नेतृत्व में बिहार प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ेगा तथा ’विकसित बिहार 2047’ के संकल्प को नयी ऊर्जा और गति मिलेगी।'
