बिहार में आज का मौसम (15 April 2026 Bihar Weather Today): बिहार में गर्मी का कहर शुरू हो चुका है। तापमान 40 डिग्री के पास पहुंच चुका है। दिन में सूरज आग बरसा रहा है। जिससे लोग अभी से दिन में बाहर जाने से बचने लगे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग ऐसी-कूलर का सहारा ले रहे हैं। दिन में चल रही पछुआ हवाओं के कारण कई जगहों पर लू जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। गर्म हवा के थपेड़ों के चलते आने वाले दिनों में तापमान में और उछाल देखने को मिल सकता है। हालांकि दो दिन बाद बिहार के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है। लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत की उम्मीद नहीं है।
बिहार में 15 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार में सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में पछुआ हवाएं भी चल सकती हैं। आज प्रदेश के किसी भी हिस्से में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बिहार में आज अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 16 अप्रैल को भी पूरे बिहार में मौसम साफ बने रहने का अनुमान है। दोनों दिन तेज धूप लोगों को सता सकती है, जिससे चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। गुरुवार को कुछ जिलों में 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक दिन का तापमान पहुंच सकता है।
बिहार में दो दिन बाद बारिश का अनुमान
IMD के अनुसार, 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक्टिव हो सकता है। जिसका प्रभाव बिहार के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। जिसके कारण 17 ओर 18 अप्रैल को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने की संभावना है। शेष अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य ही बना रह सकता है। हालांकि इस दौरान कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
18 अप्रैल को कई जिलों में लू का अलर्ट!
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 18 अप्रैल से गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल सकता है। खासतौर पर दक्षिण और मध्य बिहार के हिस्सों में भीषण गर्मी परेशान कर सकती है। इस दौरान कई जिलों में लू का प्रभाव बने रहने की संभावना है। जिसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान कैमूर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना और भोजपुर जैसे जिलों में 40 डिग्री के पार तापमान दर्ज किया जा सकता है।
बिहार में मंगलवार को सबसे गर्म शहर कैमूर जिले का भभुआ रहा, जहां का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में दिन का पारा 30.5 से 39.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं सीवान के जीरादेई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार में फिलहाल पछुआ हवाएं चल रही है, जिसके कारण गर्मी का प्रभाव अधिक महसूस हो रहा है।
