तीर्थनगरी ऋषिकेश में लायंस क्लब रॉयल द्वारा आयोजित किए जाने वाले दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज खेल मैदान में होने वाले इस मेले के लिए एक होटल में युवतियों से रैंप वॉक की तैयारी कराई जा रही थी। तभी राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के लोग वहां पहुंचे और मॉडल्स के कपड़ों को लेकर जमकर हंगामा किया।
मिस ऋषिकेश की तैयारी के दौरान हिंदू शक्ति संगठन के सदस्यों ने किया हंगामा
हिंदूवादी संगठन का विरोध
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र भटनागर अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और आयोजकों को तीर्थनगरी की मर्यादा और हिंदू संस्कृति का हवाला देते हुए पश्चिमी परिधानों के प्रदर्शन पर रोक लगाने की बात कही। इसी बीच होटल मालिक का पुत्र अक्षत गोयल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के लोगों का विरोध करना शुरू कर दिया, जिसके बाद मामला बिगड़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि कई लोगों को बीच बचाव करना पड़ा।
मॉडलिंग कर रही लड़कियों के कपड़े पर विरोध
इस मामले पर राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र भटनागर ने कहा कि तीर्थनगरी ऋषिकेश को हिंदू आस्था के नाम से जाना जाता है। सनातन धर्म महिलाओं को पूरे वस्त्रों में रहना सिखाता है। उन्होंने होटल में चल रहे युवतियों के कम वस्त्रों वाले मॉडलिंग शो का विरोध किया। उन्होंने कहा कि युवतियों और महिलाओं का कम वस्त्रों को पहनना हिंदू संस्कृति में नहीं है।
क्या बोला क्लब
वहीं दूसरी ओर क्लब के प्रेसिडेंट पंकज चंदानी ने कहा कि उनके क्लब द्वारा यह आयोजन मिस ऋषिकेश के चयन के लिए किया जा रहा है। जिससे बच्चियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि क्लब किसी की भी भावनाओं को आहत नहीं करना चाहता है।
