हरियाणा के रोहतक जिले में खरखौदा-रोहतक मार्ग स्थित मिलन ढाबे पर हुए सनसनीखेज चार लोगों की हत्या में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि जिस लड़की को गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया अपना सबसे बड़ा हमदर्द और करीबी समझ रहा था, वही उसकी मौत का जाल बुनने वाली सबसे बड़ी मुखबिर निकली। पूरा घटनाक्रम प्यार, धोखे, मुखबरी और वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर देश छोड़कर विदेश भागने की एक सोची-समझी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
वारदात के बाद विदेश फरार है जाह्नवी
3 महीने पहले करीब आई, हर मूवमेंट पर रख रही थी नजर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले विरोधी भाऊ रिटोलिया गिरोह ने सोची-समझी रणनीति के तहत एक लड़की, जिसका नाम जाह्नवी है, उसको सन्नी रिटोलिया के करीब पहुंचाया था। धीरे-धीरे प्यार और भरोसे का जाल बुनकर सन्नी की पल-पल की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी। घटना वाली रात भी सन्नी रिटोलिया की लोकेशन विरोधी गैंग तक इसी लड़की द्वारा पहुंचाने का दावा किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही मिलन ढाबे पर सन्नी के मौजूद होने की सटीक लोकेशन मिली, स्विफ्ट कार में सवार होकर आए पांच हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सन्नी रिटोलिया पिछले रास्ते से भागने में सफल रहा।
रात 12:30 बजे हत्याकांड, सुबह बैंकॉक की फ्लाइट
इस पूरी वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी लड़की के भारत से निकलने की टाइमिंग है। रात 12:30 बजे मिलन ढाबे पर अंधाधुंध गोलीबारी कर चार युवकों की हत्या की गई। तड़के मुखबरी के बदले लड़की को सुरक्षित विदेश पहुंचाने के सौदे के तहत वह सुबह की फ्लाइट पकड़कर थाईलैंड के बैंकॉक पहुंच गई। दोपहर में घटना की गंभीरता को देखते हुए जब तक पुलिस ने जाह्नवी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाया, तब तक वह देश की सीमाएं पार कर चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि वह बैंकॉक से भी आगे किसी तीसरे देश की ओर निकल चुकी है। मामले में सामने आ रही जानकारियों के अनुसार, लड़की के पारिवारिक पृष्ठभूमि का भी अपराध से गहरा संबंध रहा है।
4 हमलावरों के चेहरे बेनकाब, पुलिस जांच जारी
रोहतक पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने मामले में पांच हमलावरों में से चार की पहचान का दावा किया है। हालांकि, सभी नामजद और मुख्य आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि सन्नी के करीब पहुंचने से लेकर, ढाबे की सटीक लोकेशन देने और वारदात के तुरंत बाद बिना किसी रुकावट के विदेश निकल जाने तक की क्या यह पूरी स्क्रिप्ट पहले ही तैयार कर ली गई थी?
