Buldhana News: महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। दुष्कर्म के बाद बच्ची के सिर पर ईंट से कई वार कर उसकी हत्या का प्रयास भी किया गया। पीड़ित बच्ची को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना को 17 साल के एक नाबालिग लड़के ने अंजाम दिया है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र के बुलढाणा में ढाई साल की मासूम के साथ दुष्कर्म
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार यह घटना 23 नवंबर की है। गांव में रहने वाला 17 साल का नाबालिग लड़का बच्ची को चॉक्लेट का लालच देकर एक जर्जर मकान में गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़के ने इसके बाद ईंट मारकर बच्ची की हत्या करने की भी कोशिश की। बच्ची बेहोश हो गई और वो उसे मृतक समझकर वहां से चला गया।
बच्ची जब काफी देर तक नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया। इस दौरान जब वो गांव में बने जर्जर मकान के पास से गुजरे तो उन्हें रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने उस मकान की कुंडी खोलकर देखा तो बच्ची घायल अवस्था में लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी थी। परिजन तुरंत बच्ची को उठाकर जिला अस्पताल ले गए। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अकोला के सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
इस मामले पर एसपी सुनील कडसने ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के प्रयास में गांव के ही एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच की जा रही है।
