रांची : शहर में रविवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जोरदार बारिश और वज्रपात से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मुसलाधार बारिश से जहां एक ओर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया, वहीं कई इलाकों में जलजमाव हो गया। रविवार को मौसम विभाग ने रांची समेत 10 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। इसमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड, दुमका, देवघर और जामताड़ा शामिल है। जहां स्थानीय लोग ट्रैक्टर का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए। कुछ लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर पानी से भरे रास्ते से गुजरते हुए दिखाई दिए। इस दौरान पानी ट्रैक्टर के पहियों तक पहुंच गया है।
रांची में भारी बारिश
सड़कें जलमग्न
भारी बारिश से जलमग्न सड़कों पर बाइक को खींचते लोग दिखे। रांची में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं, जहां लोग अपनी बाइक को पानी से भरे रास्ते से खींचते हुए नजर आए। पानी उनके घुटनों तक पहुंच गया है, ऐसा लग रहा है जैसे रांची में नगर निगम जैसी कोई चीज नहीं है ।
रांची के कई घरों में तो हालात और भी भयावह नजर आए। कई स्थानों पर तो लोगों का पूरा बेड तक डूब गया। टेबल कुर्सी तक पानी में डूबे नजर आए। मेज पर रखे टीवी तक पानी भर गया। नालों की साफ सफाई नहीं और इसके अंदर कचरा जमा होने से कई स्थानों पर तो गंदा पानी सड़कों पर बहता नजर आया। दो दिन पहले भी लगातार चार दिन तक हुई बारिश में रांचीवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। एक दिन राहत मिलने के बाद फिर से इंद्रदेव कहर बनकर बरसें हैं।
मॉनसून के शुरुआती दौर की बारिश में रांची पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है। इस अव्यवस्था का बड़ा कारण नगर निगम की ओर से समय रहते साफ सफाई नहीं करने और नालों को जैसे-तैसे छोड़ देना ही बड़ा कारण माना जा रहा है।
