Crime in Ranchi: रांची पुलिस के लिए बाइकर्स गैंग चुनौती बन गए हैं। खासतौर पर रातू थाना क्षेत्र में बाइकर्स गैंग का खौफ है। ये बदमाश राहगीरों से सरेआम मारपीट और लूटपाट कर रहे हैं। अब अपराधियों ने रातू थाने से महज 300 फीट की दूरी पर राहगीर से मारपीट की। राहगीर को बुरी तरह से पीटने के बाद अपराधियों ने उसका मोबाइल छीन लिया। घायल जितेंद्र ठाकुर के मुताबिक घटना दोपहर तीन बजे जीटी सेंटर के पास घटी है।
रातू थाने से महज 500 फीट की दूरी पर युवक से मारपीट और लूटपाट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जितेंद्र मोबाइल से किसी से बात करते आ रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनका मोबाइल छीनना चाहा। उन्होंने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने उन्हें बुरी तरह पीटा और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
इस थाना क्षेत्र में राहगीरों से बाइकर्स गैंग द्वारा मारपीट एवं लूटपाट की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इनमें से कुछ मामले ही थाने तक पहुंचते हैं। जबकि अन्य में लोग अपना नाम खराब होने से बचने के लिए थाने में शिकायत तक दर्ज नहीं कराते। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है।
16 अक्टूबर को भी मोबाइल छीनने का हुआ था प्रयास
रातू थाना क्षेत्र में ही 16 अक्टूबर को पिर्रा रोड पर सरेआम एक युवक से मोबाइल छीनने की कोशिश की गई थी। तब युवक की सजगता से उसका मोबाइल बच गया था, लेकिन मामले में पुलिस ने कोई छानबीन नहीं की थी। अब जितेंद्र ठाकुर के केस में रातू पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच के लिए टीम को लगा दिया गया है। वहीं, पीड़ित जितेंद्र का कहना है कि पुलिस सक्रियता दिखाएगी तो मोबाइल उन्हें जरूर वापस मिल जाएगा। इससे आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा। वहीं, दूसरी ओर अपराधियों का मनोबल टूटेगा।
