Ranchi Ring Road Update: रांची में बहुप्रतीक्षित रिंग रोड का निर्माण बहुत जल्द पूरा होने वाला है। जिले में 85 किलोमीटर रिंग रोड का 5 सेक्शन में निर्माण करवाया जा रहा है। इन 5 सेक्शन में 59 किलोमीटर लंबी सड़क बनकर तैयार हो गई है। जबकि दो सेक्शन के तहत विकास से रामपुर तक 26 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। एनएचएसआई का दावा है कि दोनों सेक्शन का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
रांची का रिंग रोड, जिसका निर्माण पूरा होने से आसान होगा लोगों का सफर।
सड़क का निर्माण पूरा हो जाने से रांची के बाहर से आने वाली गाड़ियां शहर में प्रवेश किए बिना ही अपने-अपने गंतव्य स्थल की ओर रवाना हो जाएंगी। इस कारण शहर में लगने वाले जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में भी काफी कमी आने की संभावना है। इतना ही नहीं 383 करोड़ रुपए से बन रहे इस रिंग रोड के दोनों ओर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इससे हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
