Ranchi News: रांची में बहुत जल्द इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण शुरू होने वाला है। इसके निर्माण के लिए झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (जुडको) ने टेंडर निकाल दिया है। आईएसबीटी का निर्माण कांके अंचल के दुबलिया में 38 एकड़ जमीन पर होने वाला है। इसके बिल्डिंग वर्क के लिए 30 जनवरी तक टेंडर मांगा गया है। टेंडर वैल्यू 3.18 करोड़ रुपए है। इस संबंध में जुडको ने सोमवार को प्री-बिड बैठक की है।
रांची बस स्टैंड से अभी परिचालित हो रहीं बसें
आईएसबीटी का निर्माण पीपीपी मोड पर किया जाएगा। यहां से हर दिन 500 से ज्यादा बसें परिचालित की जाएंगी। एप्रोच रोड बनाए जाने के बाद रिंग रोड से भी आईएसबीटी को जोड़ दिया जाएगा। यहां एक बार में 170 बसें खड़ी हो सकेंगी। 350 यात्रियों के लिए वेटिंग प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा। छात्रावास, पुरुष एवं महिला शौचालय, स्नानागार एवं चालकों एवं सह चालकों के लिए फुड कोर्ट सहित अन्य स्थल बनाए जाएंगे।
शहर के अंदर जाम की समस्या हो जाएगी हल
अलग-अलग शहरों से आने वाली बड़ी-बड़ी बसें इस आईएसबीटी में ठहरेंगी। शहरी क्षेत्र के बाहर बसों का ठहराव होने से शहर में लगने वाले जाम की समस्या हल हो जाएगी। डीजल इंजन वाले वाहनों से निकलने वाले जहरीले धुएं से भी आम लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।
कई जगहों से परिचालित हो रहीं बसें
अभी रांची में कांटा टोली बस स्टैंड, स्टेशन रोड स्थित सरकारी बस डिपो, चांदनी चौक और आईटीआई बस स्टैंड के अलावा कुछ और जगहों से बसें परिचालित हो रही हैं। नए टर्मिनल के बनने से रांची के इन बस टर्मिनलों पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। यह बस स्टैंड शहर के बीचोंबीच हैं, जिस कारण हर दिन जाम लगता है।ट्रांसपोर्ट नगर भी बनना हुआ शुरू
शहर में ट्रांसपोर्ट नगर का भी निर्माण शुरू हो गया है। सुकूरहुटू में 40.68 एकड़ में यह बनेगा। आइडेक ने इसकी डिजाइन बनाई है। केएमबी कंपनी निर्माण कार्य करेगी। दो साल में निर्माण पूरा कर लिया जाना है। इसे बनाने पर 113.24 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। यहां एक फूड कोर्ट बनेगा। इसकी क्षमता 150 लोगों की होगी। एक पुलिस चौकी भी बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दवा दुकान और शौचालय भी बनाया जाएगा।
