Ranchi Green City: अब रांची बनेगी ग्रीन सिटी, वार्डों में लगाए जाएंगे 1 लाख पौधे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 30, 2023, 12:32 PM IST

Ranchi Municipal Corporation: राजधानी को बदलते कंक्रीट में देखते हुए अब यहां हरियाली बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पूरे शहर में पौधे लगाए जाएंगे। पौधे लगाए जाने के बाद उनकी देखरेख भी कराई जाएगी। इसके लिए दो संस्थाओं का चयन किया गया है। इतना ही नहीं इन संस्थाओं को भुगतान पौधे के जीवित रहने की शर्त पर किया जाना है। समय-समय पर पौधे की स्थिति की निगरानी भी होगी।

KEY HIGHLIGHTS
  • वार्डों की खाली पड़ी सरकारी जमीन पर लगाए जाएंगे पौधे
  • पिटसी और पर्वतीय दुर्गम शिक्षा विकास समिति का हुआ चयन
  • तीन साल तक दोनों संस्थाएं पौधे लगाएंगी एवं सिंचाई करेंगी

Plantation in the wards of Ranchi: नगर निगम अब शहर के सभी 53 वार्डों में पौधे लगवाएगा। यह पौधे खाली पड़ी सरकारी जमीन पर लगाए जाएंगे। इसके लिए निगम ने पिटसी और पर्वतीय दुर्गम शिक्षा विकास समिति को चुना है। इन दोनों संस्थाओं के बीच वार्डों का बंटवारा कर दिया गया है। संस्थाएं अगले तीन साल तक खाली जमीन पर पौधे लगाएंगी और उनकी सिंचाई करेंगी। पौधे जिंदा रहेंगे तो उन्हें एक पौधे का 2600 रुपए मिलेगा। इतने पैसों में पौधा लगाने, नियमित खाद-पानी देने और स्टील का गैबियन भी लगाना है। इस काम में कोई गड़बड़ी नहीं हो, उसके लिए जीपीएस टैगिंग की जाएगी। मॉनिटरिंग होनी है। शहर में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वैसे इतने पौधे उतनी जमीन मिलने पर लगाए जाएंगे।

ranchi nagar nigam

रांची नगर निगम के द्वारा लगवाए जाएंगे पौधे

5 साल में कटे 66 हजार पेड़

शहर में पिछले 5 साल में विकास योजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर विशाल पेड़ काटे गए हैं। वन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि पिछले 5 साल में 66 हजार पेड़ काटे गए हैं। इनकी जगह विभिन्न विभागों को 3 लाख 50 हजार पौधे लगाने थे, लेकिन किसी विभाग ने अपने हिस्से का पौधरोपण नहीं किया। इससे शहर की हरियाली समाप्त हो गई। शहर में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। बढ़ते प्रदूषण के कारण लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

हर हाल में लगाए जाएंगे 90 प्रतिशत पौधे

इस बारे में नगर निगम का कहना है शहर में हमलोग अपने स्तर से हरियाली लौटाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अब लोगों को भी इस काम में सहयोग करने की जरूरत है। इसके बाद ही सभी वार्ड हरे-भरे दिखाई देंगे। नगर निगम द्वारा निर्धारित लक्ष्य का 90 प्रतिशत पौधरोपण हर हाल में कराया जाएगा। पौधरोपण की नियमित रूप से निगरानी भी कराई जाएगी। बहरहाल, पौधरोपण को लेकर पहले भी नगर निगम और वन विभाग की ओर से कई योजनाएं एवं अभियान चलाए गए हैं। इनके तहत पौधे लगाए भी गए, लेकिन किसी भी क्षेत्र में हरियाली नहीं आई। पौधे लगाए जाने के बाद चंद दिनों के बाद ही वह सूख जाते हैं। कुछ संस्थाएं स्वेच्छा से यह काम कर रही हैं। हालांकि वह कटते पेड़ों के अनुपात में सफल साबित नहीं हो पा रहा है।

End of Feed