झारखंड में मालगाड़ी हादसा; सिमडेगा में पटरी से उतरे 10 डिब्बे, रेल सेवाएं हुईं अस्त-व्यस्त

झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार सुबह एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने से रेल सेवाएं बाधित हो गईं। यह हादसा रांची मंडल के कानारोआन रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। फिलहाल, इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

Jharkhand Train Derailment: झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार सुबह एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने की घटना सामने आई, जिससे रेल यातायात बाधित हो गया।अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में सुबह करीब 10:15 बजे कानारोआन रेलवे स्टेशन के पास हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुची सिंह ने बताया कि मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से आठ पलट गए। बताया जा रहा है कि, यह ट्रेन लौह अयस्क से लदी हुई थी। पुलिस का कहना है कि, इस दुर्घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

Freight Train Derails in Jharkhand (Symbolic Photo: Canva)

झारखंड में मालगाड़ी पटरी से उतरी (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

हादसे के कारणों की जानकारी नहीं

अधिकारियों ने बताया कि यह मालगाड़ी ओडिशा के बोन्दामुंडा से रांची की ओर लौह अयस्क (Iron Ore) लेकर जा रही थी। उन्होंने कहा कि ट्रेन के पटरी से उतरने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और इसकी जांच जारी है। सुची सिंह के अनुसार, दुर्घटना की वजह से कई ट्रेनों का मार्ग बदलना पड़ा, कुछ को बीच रास्ते में रोक दिया गया और कुछ को रद्द भी करना पड़ा। उन्होंने जानकारी दी कि पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस को टाटी स्टेशन पर रोका गया और बाद में उसे ओडिशा के राउरकेला की दिशा में वापस भेज दिया गया।

End of Feed