Rajasthan Weather: राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में कल यानी मंगलवार 25 अगस्त को हुई अच्छी बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, लेकिन राज्य में कमजोर पड़ता मानसून अब चिंता बढ़ा रहा है। बूंदी, कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर, दौसा और टोंक सहित कई जिलों में बारिश के बाद छोटे बांध, तालाब और एनिकट छलक गए। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बारिश की कमी के चलते गर्मी और उमस बढ़ गई है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो साल में अगस्त में राज्य का सबसे अधिक तापमान बताया गया है।
राजस्थान में कल से कमजोर पड़ेगा मानसून
बूंदी में 70 MM बारिश
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश बूंदी के तालेड़ा में हुई, जहां 70 MM वर्षा दर्ज की गई। अलवर, चित्तौड़गढ़, कोटा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, झालावाड़ और दौसा में भी एक इंच से ज्यादा बारिश हुई है। तेज बारिश के चलते दौसा, करौली, भरतपुर और सवाई माधोपुर के कई इलाकों में जलस्रोत ओवरफ्लो हो गए।
धौलपुर के सकवारा में पार्वती नदी की रपट पार करते समय 32 वर्षीय विजय सिंह नाम का व्यक्ति बह गया। एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने तलाशी अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।
205 बांध पानी को तरस रहे
राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश के बावजूद बांधों में पिछले साल की तुलना में पानी काफी कम है। राजस्थान के कुल 693 बांधों में इस बार सिर्फ 45 बांध ओवरफ्लो हुए हैं, जबकि 205 पूरी तरह खाली और 445 आंशिक रूप से भरे हैं। इन बांधों की कुल भराव क्षमता 13,029.09 एमक्यूएम है, जबकि वर्तमान में 7,390.51 एमक्यूएम पानी है। पिछले साल 25 अगस्त तक यह आंकड़ा 10,482.21 एमक्यूएम था।
जोधपुर संभाग के 117 बांधों में उनकी कुल क्षमता का लगभग 18 फीसद पानी ही बचा है। राजधानी जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध का जलस्तर 314.09 आरएल मीटर है और पिछले 24 घंटे में इसमें सिर्फ 4 सेंटीमीटर पानी आया।
कल से कमजोर पड़ेगा Monsoon
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन उत्तर भारत की ओर और ऊपर खिसक गई है। इसके कारण कल यानी गुरुवार 27 अगस्त से 2 सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी अगले हफ्ते अधिकांश हिस्सों में मानसून कमजोर रहने का अनुमान है।
गुलाबी नगरी जयपुर में मंगलवार को रुक-रुककर बारिश हुई। इस दौरान बस्सी में 39 MM पानी बरसा। अलवर में करीब 49 MM बारिश हुई, जबकि कोटा में 42.4 MM बारिश से पारा चार डिग्री तक गिर गया। अजमेर में शाम को तेज बारिश देखने को मिली। दूसरी ओर जोधपुर में 36.5 डिग्री तापमान के साथ गर्मी और उमस बनी रही। सीकर में करीब डेढ़ सप्ताह बाद बारिश हुई, जबकि उदयपुर में बारिश नहीं हुई।
