Rajasthan Weather: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से राजस्थान में एक बार फिर मानसून एक्टिव होने जा रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बुधवार 29 और गुरुवार 30 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम का प्रभाव 1-2 अगस्त तक बना रह सकता है।
राजस्थान में मानसून फिर से एक्टिव हो रहा है, फिर होगी मूसलाधार बारिश
कल यानी रविवार 26 अगस्त को पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और पाली सहित कुछ जिलों में बारिश हुई, जबकि पिछले 24 घंटे में पश्चिमी जिलों को छोड़ अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। जालोर, बाड़मेर, सिरोही, अजमेर और भरतपुर के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
माउंट आबू में 37.2 मिली बारिश
अजमेर के जवाजा में 43 मिमी, माउंट आबू में 37.2 मिमी, राजसमंद के कुंवारिया में 28 मिमी, बाड़मेर के चौहटन में 28.5 मिमी, धनाऊ में 23 मिमी, डीग के सीकरी में 25 मिमी तथा जालोर के रानीवाड़ा और सांचौर में 12-12 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। जोधपुर, जैसलमेर और झालावाड़ में भी बूंदाबांदी हुई।
कई शहरों का तापमान 4 डिग्री तक बढ़ा
बरसात का दौर कमजोर पड़ने और तेज धूप निकलने से राजस्थान के कई शहरों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इससे गर्मी और उमस दोनों में इजाफा हुआ। श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बीकानेर में 38, फलोदी में 37.4, जैसलमेर में 36.7, दौसा में 36.6, चूरू में 36.4, पिलानी में 36.2, अलवर में 35.5 और जोधपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
जयपुर-कोटा में बढ़ी उमस
उधर राजधानी जयपुर में रविवार को मौसम शुष्क रहा। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में शाहपुरा में 5 मिमी और आंधी क्षेत्र में 1 मिमी बारिश हुई। कोटा में पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के बाद उमस बढ़ गई है। यहां अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 28 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
अजमेर में अब तक 62 फीसद अधिक हुई बारिश
अजमेर में रविवार को मौसम साफ रहा और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हाल में हुई बारिश के बाद गोविंदगढ़ बांध का पानी ओवरफ्लो हो गया। जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 301.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत 183 मिमी से 62 फीसद ज्यादा है।
वहीं उदयपुर में बादलों और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहा तथा अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर, सीकर और अलवर में भी अगले कुछ दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से सप्ताह के मध्य तक प्रदेश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां फिर से तेज हो सकती हैं।
