Rajasthan News: 37 जिलों में 419 प्रधानों के लिए चुनाव, नामांकन से लेकर रिजल्ट तक सब आज ही होगा तय

Rajasthan News: राजस्थान के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए आज चुनाव होंगे। नामांकन से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन और चुनाव तक सब आज होगा और आज ही परिणाम भी घोषित होंगे।

Rajasthan News: राजस्थान की 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए आज यानी शुक्रवार 27 नवंबर को चुनाव होंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसके तहत नामांकन की प्रक्रिया के दौरान ही नामांकन की समीक्षा भी होगी और फिर 1 बजे से उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने की छूट भी होगी। इसी दौरान 1 बजे से उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी बांटे जाएंगे।

Rajasthan Pradhan Election

राजस्थान में आज 37 जिलों प्रधानों के लिए हो रहा चुनाव

चुनाव चिह्नों का आवंटन के बाद दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद कुछ ही देर में सभी पंचायत समितियों को नए प्रधान मिल जाएंगे। इसके बाद कल यानी शनिवार 28 नवंबर को उपप्रधान पद के लिए चुनाव होंगे।

इन चुनावों में Congress का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। राज्य की 275 पंचायत समितियों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि 63 समितियों में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। बाकी पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्यों और त्रिशंकु स्थिति के चलते मुकाबला दिलचस्प दिख रहा है। जयपुर, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, अजमेर और नागौर जैसे जिलों पर सभी की नजर रहेगी।

कांग्रेस के सामने बहुमत बचाने की चुनौती

पंचायतीराज चुनाव में जिला परिषद की तरह पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। अब पार्टी के सामने अपने जीते हुए सदस्यों को एकजुट रखने और बहुमत वाली पंचायत समितियों में प्रधान बनाने की चुनौती है।

उधर भाजपा ने भी रणनीति तैयार की है। पार्टी के रणनीतिकार 100 से अधिक पंचायत समितियों में प्रधान बनाने की कोशिश में जुटे हैं। जिन समितियों में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां निर्दलीय सदस्यों की भूमिका काफी अहम हो सकती है।

खास बात ये है कि पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होता। ऐसे में क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़-तोड़ की संभावना लगातार बनी रहती है। कई जिलों में कांग्रेस और भाजपा ने अपने पंचायत समिति सदस्यों की बाड़ेबंदी भी की है। मतदान के लिए सदस्यों को सीधे निर्धारित स्थान पर लाया जाएगा।

नागौर में BJP को झटका

नागौर जिले में प्रधान चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। जायल पंचायत समिति के भाजपा के चार नवनिर्वाचित सदस्य राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) में शामिल हो गए। आरएलपी की नागौर प्रभारी कनिका बेनीवाल की मौजूदगी में इन सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इनमें उर्मिला रतावा, मंजू देवी बांगड़ा, मांगू देवी और विजय सिंह शामिल हैं। जायल पंचायत समिति में आरएलपी और कांग्रेस को सात-सात सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा ने चार और निर्दलीय ने एक सीट जीती थी।

इसी तरह रियांबड़ी में पंचायत समिति सदस्य मदनलाल गोरा भी भाजपा छोड़कर आरएलपी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने प्रधान पद के लिए आरएलपी से नामांकन भरने की घोषणा की है। उनकी पत्नी भाजपा से निवर्तमान प्रधान हैं।

झुंझुनूं में कांग्रेस-BJP के बीच तगड़ा मुकाबला

झुंझुनूं पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने वार्ड-2 से निर्वाचित रामनिवास को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने वार्ड-6 से निर्वाचित मंजू देवी खीचड़ पर भरोसा जताया है।

ऐसे में आज होने वाले चुनावों में बहुमत के आंकड़ों के साथ-साथ राजनीतिक समीकरण और क्रॉस वोटिंग भी नतीजों को प्रभावित कर सकती है।

End Article
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों...

End of Feed