Rajasthan Accident: राजस्थान से भीषण सड़क हादसे की दो खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे का शिकार हुए मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि पहला सड़क हादसा जालोर में हुआ, तो वहीं दूसरा हादसा सीकर जिले में हुआ है।
राजस्थान में रफ्तार का कहर
जालोर में पलटी तेज रफ्तार बस
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात जालोर जिले के राजमार्ग पर स्लीपर बस पलटने से एक बुजुर्ग दंपत्ति समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पहले इलाज के लिए अस्पताल भेजा और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा आहोर थाना इलाके में हुआ जहां निजी बस सांचौर से करौली जा रही थी। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार होने के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने अंदर फंसे लोगों को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। मृतकों में सांचौर के रहने वाले फगलूराम (75) और उनकी पत्नी हाउ देवी (65) शामिल हैं। वे अजमेर जा रहे थे। भरतपुर के एक और यात्री अमृतलाल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सीकर में कार और यात्री वाहन की टक्कर
सीकर जिले में एक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार तड़के रींगस-खाटूश्यामजी रोड पर कार और यात्री वाहन की टक्कर में हुआ। दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा लांपुवा गांव के पास हुआ। इस हादसे में अजय देवंदा (35), गौरव सैनी (22) और अजय सैनी (25) की मौत हो गई। दो घायलों का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
(इनपुट - भाषा)
