Rajasthan Local Body Polls: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के नतीजों में सोमवार को एक ऐसा परिणाम सामने आया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले कैलाशचंद को महज एक वोट मिला। दिलचस्प बात यह है कि उनका अपना वोट भी उस वार्ड में नहीं था।
सांकेतिक तस्वीर।
राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि वार्ड 13 में कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। यहां निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट मिले, जबकि भाजपा के कैलाशचंद के खाते में सिर्फ एक वोट आया।
वहीं, एक वोट पाने वाले कैलाशचंद ने बताया कि वह वार्ड नंबर 12 के मतदाता हैं, लेकिन भाजपा ने उन्हें पड़ोसी वार्ड 13 से चुनाव मैदान में उतारा था। जब उनसे मात्र एक वोट पाने को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने कहा कि मुझे एक वोट मिला, लेकिन वो किसने दिया ये भी नहीं पता। मेरा वोट वार्ड 12 में है। मुझे वार्ड 13 से मैदान में उतारा गया था।
परबतसर में कांग्रेस को बहुमत
गौरतलब है कि परबतसर नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने 13 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल कर लिया, जबकि भाजपा को 12 वार्ड में जीत मिली। कैलाशचंद का एक वोट वाला नतीजा ऐसे समय सामने आया है जब राजस्थान की 309 शहरी निकायों में मतगणना जारी थी। इन चुनावों में 10 हजार से अधिक पार्षद पदों के लिए मुकाबला हुआ। हालांकि, कैलाशचंद का नतीजा पूरे चुनावी आंकड़ों के बीच इसलिए खास बन गया क्योंकि वह भाजपा के उम्मीदवार थे और उन्हें सिर्फ एक वोट मिला।
