सस्ते विला का 'मोटा खेल' : IAS शिखर अग्रवाल ने अनंता रिसॉर्ट में बेटों के नाम खरीदे 24 और विला, कैसे बनाई 64 लग्जरी प्रॉपर्टी?

राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल पर एसीबी का शिकंजा कसा है। जांच में खुलासा हुआ कि उन्होंने बेटों के नाम जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में 59 लाख कीमत वाले 24 विला मात्र 11-11 लाख में खरीदे, जिससे कुल विला 64 हो गए हैं।

जयपुर : राजस्थान के सीनियर आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें विला और कॉटेज खरीद मामले में लगातार बढ़ती जा रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसके बाद इस हाई-प्रोफाइल केस ने नया मोड़ ले लिया है। जांच में सामने आया है कि महज 35 दिन पहले ही शिखर अग्रवाल ने जयपुर के प्रसिद्ध अनंता रिसॉर्ट में अपने दोनों बेटों के नाम पर 24 विला खरीदे थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इन विला को महज 11-11 लाख रुपये की कीमत पर खरीदा गया, जबकि कंपनी के आधिकारिक ब्रोशर में इनकी कीमत 59-59 लाख रुपये दर्ज है। इस नए खुलासे के बाद शिखर अग्रवाल और उनके परिवार द्वारा खरीदे गए कुल विला और कॉटेज की संख्या 40 से बढ़कर सीधे 64 हो गई है।

IAS Shikhar Agarwal

IAS शिखर अग्रवाल (फोटो-Twitter)

इस पूरे मामले की जड़ में 40 विला-कॉटेज खरीद प्रकरण को लेकर एसीबी द्वारा दर्ज की गई एफआईआर है। एसीबी की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि उद्योग विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) के पद पर रहते हुए शिखर अग्रवाल ने अपने पद का कथित दुरुपयोग किया और संबंधित कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया। जांच एजेंसी को कंपनी के रिसॉर्ट्स के लिए किए गए लैंड कन्वर्जन, प्रदूषण नियंत्रण मंडल की मंजूरियों और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत दिए गए कस्टमाइज्ड पैकेज में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं।

End of Feed