Special Train For Festival 2025: त्योहारों का मौसम आते ही लाखों यात्रियों की सबसे बड़ी चिंता होती है, टिकट कैसे मिलेगा? घर कैसे पहुंचेंगे? इस बार भारतीय रेलवे ने यात्रियों की इस चिंता को दूर करते हुए बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने घोषणा की है कि वह 21 सितंबर से 30 नवंबर 2025 के बीच पूरे देश में 150 पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। इन ट्रेनों के जरिए कुल 2024 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप्स) लगाए जाएंगे ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को समय पर और सुरक्षित यात्रा का मौका मिल सके।
बिहार, यूपी और बंगाल के लोगों को होगा खास फायदा
इन राज्यों को सबसे ज्यादा फायदा
रेलवे के इस फैसले का सबसे बड़ा लाभ उन राज्यों के यात्रियों को मिलेगा, जहां से हर साल भारी संख्या में लोग त्योहारों के दौरान महानगरों से अपने घरों की ओर लौटते हैं। इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के शहर शामिल हैं। रेलवे ने इन क्षेत्रों से चलने वाली ट्रेनों की संख्या में बड़ा इजाफा किया है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। पटना, गया, दरभंगा, हावड़ा, चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, रांची जैसे प्रमुख स्टेशनों को देश के अन्य महानगरों से जोड़ने की योजना तैयार की गई है।
देशभर के रेलवे जोन होंगे शामिल
पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन कई ज़ोनल रेलवे बोर्ड मिलकर करेंगे। इनमें सबसे ज्यादा ट्रेनों का संचालन दक्षिण मध्य रेलवे करेगा को, जो 48 ट्रेनों की हैदराबाद, सिकंदराबाद, विजयवाड़ा जैसे स्टेशनों से होते हुए 684 ट्रिप्स चलाएगा। इसके अलावा पूर्व मध्य रेलवे से 14 ट्रेनों की 588 ट्रिप्स, जो पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर जैसे स्टेशनों को सुविधा देगा। पूर्व रेलवे से 24 ट्रेनों की 198 ट्रिप्स, पश्चिम रेलवे से 24 ट्रेनों की 204 ट्रिप्स और दक्षिण रेलवे से 10 ट्रेनों की 66 ट्रिप्स चलाई जाएंगी।
इसके अलावा पूर्व तट रेलवे (भुवनेश्वर, पुरी), दक्षिण पूर्व रेलवे (रांची, टाटानगर), उत्तर मध्य रेलवे (प्रयागराज, कानपुर), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर, रायपुर), पश्चिम मध्य रेलवे (भोपाल, कोटा) जैसे जोन भी विशेष ट्रेनें चलवाएंगे।
IRCTC पोर्टल पर मिलेगी पूरी जानकारी
रेल मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे पूजा स्पेशल ट्रेनों की सूची, समय-सारणी और ठहराव से जुड़ी जानकारी के लिए IRCTC पोर्टल, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी रेलवे स्टेशन से संपर्क करें। चूंकि त्योहारों के सीजन में भीड़ अधिक होती है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते टिकट की बुकिंग करवा लें ताकि कन्फर्म सीट मिलने में कोई दिक्कत न हो।
सुरक्षा और स्वच्छता का भी रखा गया ध्यान
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। प्लेटफॉर्म और कोचों की नियमित सफाई, सुरक्षा बलों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
