Bihar Terrorists Alert: नेपाल के रास्ते बिहार में तीन आतंकियों के घुसने की खबर सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा कड़ी कर दी थी। हालांकि, जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये तीनों आतंकवादी बिहार में घुसे ही नहीं हैं।
नेपाल से मलेशिया चले गए आतंकी
ADG लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि ये तीनों संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक हैं, जिनके पासपोर्ट भी पुलिस के हाथ लगे हैं। वे दुबई से सीधे नेपाल के काठमांडू पहुंचे और वहां से मलेशिया के लिए रवाना हो गए। बिहार में उनकी कोई एंट्री नहीं हुई है।
सीमा पर था हाई अलर्ट
बता दें कि बिहार में नेपाल के रास्ते तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के घुसने की सूचना मिलने के बाद बिहार पुलिस ने सीमा जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और ATS को भी सक्रिय किया गया था। इस मामले में PHQ स्तर से व्यापक जांच भी चल रही थी।
इनाम की भी हुई थी घोषणा
साथ ही पुलिस ने इन आतंकवादियों के बारे में सूचना देने वाले को 50 हजार इनाम की घोषणा भी की थी। प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े इन आतंकवादियों के नाम और तस्वीरें जारी कर आम लोगों से भी अपील की गई थी कि अगर ऐसे संदिग्ध अगर दिखें तो नजदीकी थाना को सूचना दें। माना जा रहा था कि ये सभी आतंकी नेपाल के रास्ते अररिया होते हुए बिहार पहुंचे हैं।
