शहर

मुजफ्फरनगर : संपत्ति लूट का नया फॉर्मूला! नशे का आदी बनाया; धर्मांतरण कर हड़प ली जमीन; 6 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक व्यक्ति का जबरन धर्मांतरण कराकर उसकी करोड़ों की संपत्ति हड़प ली गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Image

(फोटो - Canva)

मुजफ्फरनगर : जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 52 साल के व्यक्ति को पहले नशे का आदी बनाया गया, फिर उसका जबरन धर्मांतरण और खतना कराकर उसकी करोड़ों की संपत्ति हड़प ली गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ऐसे रची गई धर्मांतरण और ठगी की साज़िश

पीड़ित नरेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि गांव का ही यामीन नामक युवक पहले उसे अपने झांसे में लेकर नशे का आदी बनाया। धीरे-धीरे उस पर दबाव बनाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया। आरोप है कि यामीन और उसके साथियों ने उसका खतना कराया, जनेऊ और चोटी कटवाई और कुरान पढ़वाया। आरोपियों ने नशे की हालत में उससे करोड़ों रुपये की जमीन, गाड़ी और ट्रैक्टर अपने नाम करवा लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसी तरह बचकर निकलने के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी यामीन, उसके भाई गुलजार, इकराम, हाफिज शहनवाज, नाई मुर्शीद और यामीन के नाबालिग बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मारुति अर्टिगा कार, महिंद्रा ट्रैक्टर और घटना में इस्तेमाल किया गया उस्तरा भी बरामद किया है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 और कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास तक की सज़ा हो सकती है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।

इस घटना के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से पीड़ित को बहला-फुसलाकर फंसा रहा था। अब पुलिस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमार author

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में ... और देखें

End of Article