Raigad Accident News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से सोमवार सुबह एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रायगढ़ के पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनली घाट इलाके में एक तेज रफ्तार SUV (स्कॉर्पियो) अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। पुलिस द्वारा सोमवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक महाराष्ट्र के सातारा जिले के रहने वाले थे।
पोलादपुर-महाबलेश्वर रोड पर हुआ हादसा (सांकेतिक चित्र)
अंबेनली घाट में हुआ हादसा
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार सभी यात्री रत्नागिरी जिले के दापोली से सातारा वापस लौट रहे थे। रविवार रात को जब उनकी गाड़ी पोलादपुर-महाबलेश्वर रोड पर स्थित बेहद खतरनाक और घुमावदार 'अंबेनली घाट' से गुजर रही थी, तभी चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सातारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव गांव की बताई जा रही है। हादसे का शिकार हुए लोग वीकेंड मनाने दापोली गए थे।
घने अंधेरे में चला चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पोलादपुर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन, ट्रेकर्स और रेस्क्यू टीमों के साथ-साथ भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े। पुलिस और राहत बचाव दलों ने फौरन युद्ध स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, अंबेनली घाट की अत्यधिक गहराई, पथरीली खाई और रात के घने अंधेरे के कारण बचाव कार्य में टीमों को बेहद गंभीर और कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। भारी मशक्कत के बाद रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
