Punjab News: पंजाब पुलिस ने रविवार को दावा किया कि उसने विदेश में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े एक अवैध हथियार और जबरन वसूली के गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर दिया है। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो ऑस्ट्रियन ग्लॉक पिस्तौल सहित 12 अत्याधुनिक हथियार, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पंजाब में भगोड़े गैंगस्टर से जुड़े जबरन वसूली करने वाले गैंग का भंडाफोड़ (सांकेतिक फोटो)
पुलिस आयुक्त कहा कि इन आरोपियों को तीन सप्ताह तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह राज्य में अराजकता फैलाने के लिए हथियारों की तस्करी, जबरन वसूली और हत्याओं जैसी गतिविधियों में शामिल था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और बाकी सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि ये आरोपी हरियाणा के गुरुग्राम में अपराध करने की साजिश रच रहे थे।
(इनपुट - भाषा)
