पंजाब के मानसा में खुले नाले में गिरकर व्यक्ति की मौत, ठेले पर अस्पताल पहुंचाया गया शव; विपक्ष ने AAP सरकार को घेरा

Mansa Incident: पंजाब के मानसा में कोर्ट रोड के किनारे खुले नाले में गिरने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना को लेकर सियासत गर्मा गई।

Mansa Incident: पंजाब के मानसा में कोर्ट रोड के किनारे खुले नाले में गिरने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद कथित तौर पर मृतक का ठेले पर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना को लेकर सियासत गर्मा गई। विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए सार्वजनिक सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाए हैं।

Dead

मानसा में खुले नाले में गिरकर व्यक्ति की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मृतक की पहचान निक्का सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि शुक्रवार रात वह कथित तौर पर खुले नाले में गिर गए थे। शनिवार सुबह उनका शव बरामद हुआ।

'ठेले से पहुंचाया गया शव'

कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह विक्की ने आरोप लगाया कि शव को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई थी, लेकिन करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए मोटर चालित ठेले की व्यवस्था करनी पड़ी।

उन्होंने इस घटना को प्रमुख सड़कों के किनारे खुले नालों और आपातकालीन सेवाओं में देरी से जुड़ी गंभीर चिंता का विषय बताया।

AAP सरकार पर बरसी भाजपा

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी इस घटना को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक के परिजनों को शव अस्पताल ले जाने के लिए ठेले का सहारा लेना पड़ा। ढिल्लों ने दावा किया कि परिवार और मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस हेल्पलाइन पर कई बार फोन किया, लेकिन एक घंटे से अधिक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस नहीं पहुंची।

उन्होंने कहा, "यह आम आदमी पार्टी की बहुचर्चित 'सेहत क्रांति' का असली चेहरा उजागर करता है। यह कोई अकेली चूक नहीं, बल्कि पंजाब के आपातकालीन स्वास्थ्य ढांचे के पूरी तरह चरमराने का प्रमाण है।" शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया, "क्या यही आपकी स्वास्थ्य क्रांति है?''

End Article
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में का...

End of Feed