पंजाब-हरियाणा में आज का मौसम (09 Jan 2026): पंजाब और हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। दोनों ही राज्यों में कोहरे का प्रकोप भी लगातार जारी है। साथ ही शीतलहर के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में लोहड़ी तक लोगों को तेज ठंड और कोहरे से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। वहीं हरियाणा में भी पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और बढ़ गई है। आज सुबह फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश भी देखने को मिली। जिससे कंपकंपी और गलन का एहसास और बढ़ गया है। हालांकि बारिश के कारण कोहरा छंट गया है। दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
सांकेतिक फोटो (istock)
हरियाणा में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में आज 17 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें गुरुग्राम, हिसार, जींद, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, पलवल और नूंह शामिल हैं। शीतलहर के प्रभाव से राज्य में दिन का पारा भी नीचे लुढ़क रहा है। गुरुवार को भी 8 जिलों में शीतलहर जैसे हालात देखने को मिले। जिसके कारण अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे तापमान रिकॉर्ड किया गया।
| शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| हिसार | 6 डिग्री | 14.1 डिग्री |
| नारनौल | 4 डिग्री | 13.6 डिग्री |
| भिवानी | 4.5 डिग्री | 15.5 डिग्री |
| सिरसा | 5.4 डिग्री | 10.2 डिग्री |
| अंबाला | 8.6 डिग्री | 10.9 डिग्री |
| करनाल | 6.2 डिग्री | 13 डिग्री |
| फरीदाबाद | 6.3 डिग्री | 17.4 डिग्री |
| गुरुग्राम | 5.8 डिग्री | 15.4 डिग्री |
पंजाब में कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में अगले 2 से 3 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, बरनाला, संगरूर और पटियाला में जोरदार ठंड का असर जारी रहेगा। वहीं फरीदकोट, बठिंडा, मानसा, फाजिल्का और मुक्तसर के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का अलर्ट है। इसके अलावा अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और पटियाला में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 14 जनवरी तक पंजाब में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान ठंड से भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
