चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मान सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 8 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही कर्मचारियों का DA अब 42 फीसदी से बढ़कर 50 फीसदी हो गया है। बढ़ी हुई दर 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। कर्मचारियों को बढ़े हुए DA का लाभ सितंबर 2026 के वेतन से मिलने की उम्मीद है।
सांकेतिक फोटो-Istock
एएनआई के हवाले से पंजाब सरकार के वित्त विभाग की वित्त कार्मिक-1 शाखा की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में DA की संशोधित दर 50 फीसदी किए जाने की जानकारी दी गई है। संबंधित अधिकारियों और विभागों को आदेश की प्रतियां भेज दी गई हैं।
सितंबर की सैलरी में मिलेगा बढ़े DA का लाभ
कहा जा रहा है कि नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को अब उनके मूल वेतन (Basic Pay) का 50 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। पहले यह दर 42 फीसदी थी। यानी DA में कुल 8 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। यह बढ़ोतरी 1 सितंबर 2026 से लागू मानी जाएगी। DA में बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों के मासिक वेतन पर पड़ेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'न्याय होकर रहेगा', राहुल गांधी का BJP-RSS, EC पर तीखा हमला, SIR पर चुनाव आयुक्तों में मतभेद की रिपोर्ट
पहले दो किस्तों में बढ़ोतरी की थी घोषणा
इससे पहले 18 सितंबर को सामने आई जानकारी में DA में 8 फीसदी बढ़ोतरी को 4-4 फीसदी की दो किस्तों में देने की बात कही गई थी। अब वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक DA की संशोधित दर 50 फीसदी होगी और यह 1 सितंबर 2026 से प्रभावी है।
महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी से पंजाब के सरकारी कर्मचारियों को सितंबर महीने से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों के लिए यह बढ़ोतरी त्योहारी सीजन से पहले वेतन में अतिरिक्त राशि के रूप में राहत लेकर आएगी।
