मोगा को मिला 120 बेड का अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, सीएम भगवंत मान ने किया उद्घाटन

पंजाब के मालवा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अत्याधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एनएबीएच मान्यता प्राप्त अस्पताल में गंभीर बीमारियों के इलाज की आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। यहां आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कैशलेस उपचार मिलेगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को मोगा में 120 बेड वाले अत्याधुनिक कैपिटल अस्पताल का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मालवा क्षेत्र का पहला एनएबीएच (नेशनल एक्रिडेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स) मान्यता प्राप्त मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल है। इसके बन जाने के बाद लोगों को गंभीर और जटिल बीमारियों का इलाज उनके घर के नजदीक ही मिल जाएगा।

सीएम भगवंत मान ने किया अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन

सीएम भगवंत मान ने किया अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन।

इस मौके पर सीएम मान ने अस्पताल में मौजूद सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। अस्पताल में 24 घंटे संचालित 10 बेड की आपातकालीन इकाई, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक लैब, डायलिसिस सुविधा और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। यहां जनरल सर्जरी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और मेडिकल ऑन्कोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, 2डी इको, ट्रेडमिल टेस्ट, 128-स्लाइस सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी उन्नत जांच सुविधाएं भी मरीजों को मिलेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी एलान किया कि जल्द ही अस्पताल में बाल रोग और स्त्री रोग विभाग भी शुरू किए जाएंगे।

End of Feed