Pune Crime News: बीते कुछ वक्त से पालतू जानवरों से जुड़े कई दर्दनाक हादसे सामने आ चुके हैं। जहां जानवर लोगों पर हमला कर चुके हैं, वहीं बहुत सी जगह जानवरों को लेकर उनके मालिक लोगों से लड़ चुके हैं। अब ताजा मामला पुणे में देखने को मिला है, जहां एक शख्स ने पड़ोसी के कुत्ते को घर में आने से टोका तो कुत्ते के मालिक ने शख्स पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर घायल कर दिया है। घटना शनिवार को पुणे के बानेर इलाके में हुई है।
पड़ोसी ने किया पड़ोसी पर हमला
चतुश्रृंगी पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अयूब शेख (34) के तौर पर हुई है। जबकि पीड़ित का नाम रवि घोरपड़े (40) है। अयूब का कुत्ता पीड़ित रवि के घर में घुस गया था, जिसको उसने टोका तो आरोपी ने उसके परिवार के सदस्यों के सामने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शराब के नशे में था आरोपी
मामले पर सहायक पुलिस निरीक्षक राजकुमार केंद्रे ने कहा है कि, 4 दिसंबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश किया है। उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 3 दिसंबर को हुई जब पीड़ित अपने ऑफिस के लिए जा रहा था। आरोपी एक बगीचे के पास बैठा था और कथित तौर पर शराब पी रहा था। उसने पीड़ित को बुलाया। उसके साथ बहस की और उसके कुत्ते को 'मारने' के लिए गाली देने लगा। आरोपी ने कथित तौर पर एक पत्थर उठाया और उससे पीड़ित को मारा। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को सुलझाया और पीड़ित डर कर घर चला गया। करीब पांच मिनट बाद आरोपी उसके घर गया और चिल्लाने लगा। जब दरवाजा खोला गया तो आरोपी ने पीड़ित रवि पर हमला कर दिया। पड़ोसियों ने आकर उसे बचाया और इलाज के लिए अस्पताल ले गए।कुल्हाड़ी से किया हमलापीड़ित रवि ने मामले पर बताया है कि, अयूब का कुत्ता उसपर भौंक रहा था। तो, वह सिर्फ उस पर चिल्लाया और काम पर जाने की जल्दी कर रहा था, लेकिन आरोपी उससे लड़ने लगा। पीड़ित घटना के बाद घर वापस आया और अपनी पत्नी को इसके बारे में बताने लगा। कुछ देर बाद आरोपी आया और पीड़ित के घर के गेट पर चिल्लाने लगा। वह कुल्हाड़ी के साथ था। यह देख पीड़ित के बच्चे डर गए। उसने पीड़ित का दरवाजा तोड़ दिया और जब पीड़ित रवि ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने उसके हाथ पर हमला कर दिया। हाथ जख्मी होने से खून बहने लगा। रवि के कुछ पड़ोसियों ने उसकी मदद की और अस्पताल लेकर गए। वहीं पीड़ित का आरोप है कि, आरोपी के परिवार के लोग उन्हें अब भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
