Pune News: पुणे के दौंड तालुका से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। शादी से महज चार दिन पहले एक युवती का उसकी मां और भाई के सामने से फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया।
मामले को लेकर प्रदर्शन करती भीड़
शादी की खरीदारी के दौरान वारदात
मिली जानकारी के मुताबिक, 21 साल की पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर शादी की खरीदारी के लिए निकली थी। युवती की शादी आने वाली 22 फरवरी को होनी थी और घर में खुशियों का माहौल था। इसी दौरान दौंड तालुका के स्वामी चिंचोली इलाके में दो युवकों ने उनका रास्ता रोका।
आंखों में मिर्च डालकर किया किडनैप
आरोपियों की पहचान जहीर हारून शेख और अयान हारून शेख के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर लड़की के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने पहले बाइक रोककर विवाद किया और पलक झपकते ही लड़की की मां और भाई की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया। जब तक मां-बेटे कुछ समझ पाते या देख पाते, आरोपी युवती को जबरन अपने साथ लेकर फरार हो गए।
हिंदू संगठन हुए आक्रामक, थाने का घेराव
इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया है। कई हिंदू संगठन इस मामले को लेकर आक्रामक हो गए हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर भिगवान पुलिस स्टेशन के सामने जमा हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस की 6 टीमें और 165 KM का सर्च ऑपरेशन
भिगवान पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए 6 विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों ने अब तक 165 किलोमीटर के रूट को मैप किया है और सभी टोल प्लाजा के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है, हालांकि अभी तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
