मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में विंध्याचल पर्वत शृंखला के उत्तरी भाग में स्थित कूनो नेशनल पार्क से भारत के चीता पुनरुद्धार कार्यक्रम प्रोजेक्ट चीता के लिए बेहद उत्साहजनक खबर सामने आई है। कूनो में हाल ही में दो लगातार जन्म की घटनाओं में कुल 9 नए शावकों का आगमन हुआ है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें से 43 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं। सरकारी बयान के अनुसार, भारत में कुल चीता आबादी का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा अब देश में जन्मे चीतों का हो चुका है। यह उपलब्धि भारत के पारिस्थितिक तंत्र में चीतों के सफलतापूर्वक ढलने का एक बड़ा संकेत है।
20 नवंबर को जन्मे चीता के बच्चे (चित्र साभार: X@byadavbjp)
पहला जन्म: भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने दिए 5 स्वस्थ शावक
चीतों के कुनबे में पहली बढ़ोतरी 5 अक्टूबर 2026 को दर्ज की गई। भारत में ही जन्मी 32 महीने की मादा चीता KJP21 ने 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। 'मुखी' और 'KGP12' के बाद KJP21 भारत में पैदा हुई ऐसी तीसरी मादा चीता बन गई है, जिसने प्रजनन किया है। इन शावकों के पिता बोत्सवाना से लाया गया एक नर चीता है। इस जन्म के साथ भारत में जन्मे चीतों की आबादी में बोत्सवाना का आनुवंशिक वंश शामिल हो गया है। 'नेशनल एक्शन प्लान फॉर चीता इंट्रोडक्शन' के तहत भारत में जन्मी पहली पीढ़ी (F1 पीढ़ी) द्वारा सफल प्रजनन को चीतों के पूर्ण पुनर्वास के लिए अनिवार्य मील का पत्थर माना गया था, जिसे KJP21 ने हासिल कर लिया है।
दूसरा जन्म: बोत्सवाना की KOMG 3 ने खुले जंगल में दिया 4 शावकों को जन्म
दूसरा घटनाक्रम 20 नवंबर 2026 को सामने आया, जब बोत्सवाना से लाई गई 30 महीने की मादा चीता KOMG 3 ने 4 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। KOMG 3 बोत्सवाना से लाई गई पहली ऐसी मादा चीता बन गई है, जिसने भारत में शावकों को जन्म दिया है। करीब चार महीने से अधिक समय खुले जंगल में बिताने के बाद उसने बड़े बाड़ों से बाहर खुले प्राकृतिक वातावरण में इन शावकों को जन्म दिया। 2022 में प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत के बाद से खुले जंगल में चीता द्वारा शावकों को जन्म देने की यह देश में दूसरी दर्ज घटना है।
ग्लोबल मेटापॉपुलेशन और भावी संरक्षण की दिशा
वैज्ञानिकों और वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, खुले जंगल में प्राकृतिक रूप से प्रजनन होना चीतों के दीर्घकालिक संरक्षण और उनके नए आवास को अपनाने का सबसे बड़ा सूचक है। यह विकास वैश्विक मेटापॉपुलेशन पहलों के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारत अफ्रीकी महाद्वीप के बाहर चीतों के प्रजनन और उनकी आबादी के विस्तार के लिए एक सुरक्षित और उपयुक्त मंच प्रदान कर रहा है। कूनो प्रबंधन का कहना है कि 9 नए शावकों का आगमन एक बेहद उत्साहजनक पड़ाव है। आने वाले समय में इन शावकों का जीवित रहना और वयस्क होकर आगे प्रजनन करना ही प्रोजेक्ट चीता की अंतिम सफलता का वास्तविक पैमाना बनेगा।
