President Draupadi Murmu Ayodhya visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आ रही हैं। वे शाम 4 बजे अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। जिसके बाद वे हनुमानगढ़ी के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति मुर्मू आज रामलला के दर्शन के साथ कई धार्मिक आयोजनों में भी शामिल होंगी। जिसके बाद शाम को ही वे वापस दिल्ली लौट जाएंगी। अयोध्या में राष्ट्रपति के आगमन के चलते जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अयोध्या एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर और सरयू घाट तक जगह-जगह पर जवान तैनात रहेंगे। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को ही सुरक्षा एजेंसियों और अन्य जवानों के साथ रिहर्सल की है। इसके अलावा राष्ट्रपति मुर्मू के मार्ग में पड़ने वाले होटल, लॉज और धर्मशालाओं की भी छानबीन की गई है और उनमें ठहरे यात्रियों की जांच-पड़ताल की गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फोटो साभार - ट्विटर)
राष्ट्रपति के कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट अपडेट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अयोध्या दौरे पर हैं। शाम को 4 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर उनका आगमन होगा। जहां से वे हनुमानगढ़ी जाएगी और शाम 4:50 बजे हनुमान आरती में शामिल होंगी। जिसके बाद वे सरयू घाट पर पहुंचेगी और शाम 5:45 बजे सरयू आरती और पूजन करेंगी। सरयू घाट के बाद वे रामजन्मभूमि पहुंचेंगी। जहां वे शाम 6:45 बजे राम मंदिर में भगवान राम के दर्शन करेंगी और आरती में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति मुर्मू शाम 7:15 बजे कुबेर टीला के दर्शन करने पहुंचेंगी। जिसके बाद वे अयोध्या एयरपोर्ट जाएंगी और नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
ये भी पढ़ें - UP First Glass Bridge: यूपी का पहला धनुषाकार ग्लास ब्रिज बनकर तैयार, जानें कब से कर सकेंगे दीदार?
जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
अयोध्या में बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जिले में एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर और सरयू घाट तक सख्त सुरक्षा घेरा रहेगा। इस दौरान सभी रास्तों पर पड़ने वाले घरों पर जवान तैनात किए गए हैं, जो असलहों से लैस रहेंगे। इसके अलावा भी अलग-अलग जगहों पर सादी वर्दी में जवान तैनात रहेंगे। पुलिस के अलावा आरएएफ, सीआरपीएफ, पीएसी और एटीएस के जवानों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। जवानों के लिए सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी मदद ली जाएगी। इस वीवीआईपी कार्यक्रम में अन्य जिलों के पुलिस अधिकारी भी तैनात रहने वाले हैं। इन अधिकारियों ने मंगलवोर को ही अयोध्या पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया है।
