Prayagraj Car Accident: प्रयागराज के भीड़भाड़ वाले राजरूपपुर इलाके में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दीवाली की खरीदारी में व्यस्त बाजार में अचानक तेज रफ्तार जगुआर कार घुस गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कार ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों और ठेलों को टक्कर मारते हुए आठ लोगों को घायल कर दिया। इनमें से प्रदीप नामक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि सात लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रयागराज में तेज रफ्तार कार ने कई पैदल यात्रियों को कुचला
यह घटना राजरूपपुर के लेबर चौराहे के पास हुई, जहां छोटी दीवाली के मौके पर बाजार में भारी भीड़ थी। सड़क के किनारे लाई, लावा, मिठाइयों, फूल-मालाओं और सजावटी सामान की दुकानें सजी थीं। अचानक तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खो दिया और कई ठेलों व वाहनों को रौंदते हुए लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर से कई दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। बताया गया है कि कार का चालक भी गंभीर रूप से घायल और बेहोश है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार झलवा से चकिया की ओर जा रही थी, तभी नियंत्रण खो बैठी। पुलिस को कार से शराब की बोतलें मिली हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे की हालत में था। धूमनगंज थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
